
हापुड़, सीमन (ehapurnews.com): हापुड़ के बाबूगढ़ क्षेत्र में लगातार हो रही बारिश और आकाशीय बिजली के कारण क्षेत्र के दो विद्युत ट्रांसफॉर्मर खराब हो गए, जिससे पिछले दो दिनों से कई इलाकों में बिजली आपूर्ति बाधित रही और लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ा।विद्युत विभाग के अनुसार, एक 250 केवीए और दूसरा 400 केवीए क्षमता का ट्रांसफॉर्मर फॉल्ट होने के कारण बंद हो गया था। अवर अभियंता प्रमोद कुमार ने बताया कि लगातार वर्षा के चलते ट्रांसफॉर्मरों में नमी पहुंचने से तकनीकी खराबी उत्पन्न हुई।खराब हुए ट्रांसफॉर्मरों में एक वार्ड नंबर-3 क्षेत्र में तथा दूसरा सिमरौली स्थित मारुति शोरूम के पास स्थापित था। सूचना मिलते ही विद्युत विभाग की टीम मौके पर पहुंची और दोनों ट्रांसफॉर्मरों को बदलकर नए ट्रांसफॉर्मर स्थापित कर दिए गए।फिलहाल बिजली आपूर्ति को पूरी तरह सुचारू करने का कार्य जारी है। विभाग का कहना है कि जल्द ही सभी प्रभावित क्षेत्रों में निर्बाध विद्युत आपूर्ति बहाल कर दी जाएगी। अधिकारियों और कर्मचारियों द्वारा लगातार निगरानी रखी जा रही है ताकि उपभोक्ताओं को अधिक समय तक परेशानी का सामना न करना पड़े।बिजली कटौती के कारण क्षेत्रवासियों को गर्मी और दैनिक कार्यों में कठिनाइयों का सामना करना पड़ा, लेकिन नए ट्रांसफॉर्मर लगाए जाने के बाद लोगों ने राहत की सांस ली है।























