
पिलखुवा: बारिश में खुली नगर पालिका की पोल, कई बाजारों में भरा पानी
हापुड़, सीमन/रियाज़ अहमद (ehapurnews.com): जनपद हापुड़ के पिलखुवा में रविवार को हुई बारिश ने नगर पालिका क्षेत्र की जल निकासी व्यवस्था की पोल खोल दी। घास मंडी, गढी मोहल्ला मैन बाजार,उमराव सिंह मार्किट गांधी बाजार सहित शहर के कई मोहल्लों, बाजारों और गलियों में पानी भर गया, जिससे स्थानीय लोगों और दुकानदारों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। बाजार की गलियां सड़क स्तर से नीचे होने के कारण बारिश का पानी तेजी से अंदर भर गया और कुछ ही देर में दुकानों के सामने जलभराव की स्थिति बन गई।
दुकानदारों का कहना है कि यह समस्या लंबे समय से बनी हुई है। कई बार नगर पालिका प्रशासन और संबंधित जनप्रतिनिधियों से सड़क निर्माण, नाली निर्माण और नियमित सफाई की मांग की गई, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। बारिश के दौरान पानी दुकानों के भीतर तक पहुंच गया, जिससे ग्राहकों की आवाजाही प्रभावित होती है और व्यापार पूरी तरह ठप हो जाता है । व्यापारियों ने बताया कि हर बरसात में यही स्थिति बनती है, जिससे उनकी रोज़ी-रोटी पर सीधा असर पड़ता है।
स्थानीय लोगों ने नाराजगी जताते हुए कहा कि यदि समय रहते जल निकासी की व्यवस्था दुरुस्त नहीं की गई तो आने वाले दिनों में स्थिति और गंभीर हो सकती है। लोगों ने नगर पालिका से मांग की है कि बाजार की सड़कों को ऊंचा कराया जाए, नालियों का निर्माण कराया जाए और नियमित सफाई सुनिश्चित की जाए, ताकि हर बारिश में होने वाली इस समस्या से राहत मिल सके।
इस संबंध में नगर पालिका के ईओ इंद्रपाल सिंह ने कहा कि जलभराव की समस्या की जानकारी ली जा रही है। उन्होंने बताया कि संबंधित क्षेत्र का निरीक्षण कर जल्द ही आवश्यक कदम उठाए जाएंगे, ताकि लोगों को राहत मिल सके।
Brainwaves International School: Admissions Open 2026-27 (Playgroup – Grade XI)























