
राष्ट्रीय अनुसूचित जाति आयोग ने हापुड़ पुलिस व प्रशासन से रिपोर्ट तलब की
हापुड़, सीमन (ehapurnews.com): हापुड़ निवासी पीड़ित ओमपाल सिंह द्वारा उनके साथ हुई गंभीर आपराधिक घटना के संबंध में राष्ट्रीय अनुसूचित जाति आयोग (NCSC) में शिकायत दर्ज कराई गई थी। शिकायत का संज्ञान लेते हुए आयोग ने मामले में जिला मजिस्ट्रेट हापुड़ एवं पुलिस अधीक्षक हापुड़ से 15 दिनों के भीतर विस्तृत कार्यवाही रिपोर्ट मांगी है।
शिकायत में आरोप लगाया गया है कि दिनांक 21 मई 2026 को कुछ आरोपियों द्वारा ओमपाल सिंह का अपहरण कर उनके साथ गंभीर मारपीट की गई, जिससे उन्हें गंभीर शारीरिक चोटें आईं। हाथ में टांके आए तथा पसलियों में फ्रैक्चर जैसी गंभीर चोटें भी शामिल हैं। साथ ही पीड़ित के साथ अमानवीय एवं अपमानजनक व्यवहार किए जाने के भी आरोप हैं।
पीड़ित ने यह भी आरोप लगाया है कि मामले में संबंधित चौकी इंचार्ज द्वारा गंभीर धाराओं, विशेषकर SC/ST Act, हत्या के प्रयास (Attempt to Murder) तथा अन्य प्रासंगिक धाराओं में प्रारंभिक स्तर पर उचित कार्रवाई नहीं की गई। इसके अतिरिक्त चौकी इंचार्ज पर पीड़ित की निजी एवं गोपनीय जानकारी सार्वजनिक करने का भी आरोप है, जिससे उनकी सामाजिक प्रतिष्ठा एवं मानसिक स्थिति पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ा। साथ ही पीड़ित का मोबाइल फोन लगभग 17 दिनों तक पुलिस के पास रखा गया।
पीड़ित ने बताया कि दिनांक 11 जून 2026 को उन्होंने न्याय की मांग को लेकर मा० पुलिस अधीक्षक हापुड़ से व्यक्तिगत रूप से मुलाकात की। इस दौरान SP ने पूरे मामले को गंभीरता एवं संवेदनशीलता के साथ सुना तथा पीड़ित की बातों को ध्यानपूर्वक समझा। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को मामले में निष्पक्ष एवं प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही हत्या के प्रयास (Attempt to Murder) की धारा जोड़ने पर भी स्पष्ट निर्देश दिए तथा अपराधियों के विरुद्ध शीघ्र, कठोर एवं प्रभावी कार्रवाई करने की बात कही।
राष्ट्रीय अनुसूचित जाति आयोग द्वारा जारी नोटिस यह दर्शाता है कि आयोग इस मामले को गंभीरता से ले रहा है। आयोग ने स्पष्ट किया है कि निर्धारित समय में संतोषजनक जवाब न मिलने पर संवैधानिक शक्तियों का प्रयोग करते हुए संबंधित अधिकारियों को तलब किया जा सकता है। पीड़ित एवं उनके परिवार ने निष्पक्ष जांच, दोषियों पर कठोर कार्रवाई तथा न्याय की मांग की है।
Brainwaves International School: Admissions Open 2026-27 (Playgroup – Grade XI)























