
हापुड़, सीमन/अमित कुमार (ehapurnews.com): आगामी श्रावण मास एवं शिव चौदस पर निकलने वाली कांवड़ यात्रा को सकुशल संपन्न कराने के उद्देश्य से जिलाधिकारी कविता मीणा ने अधिकारियों के साथ बाबूगढ़ क्षेत्र स्थित श्यामेश्वर मंदिर, छपकोली कांवड़ मार्ग एवं धर्मशालाओं का निरीक्षण किया। इस दौरान कांवड़ियों के लिए पेयजल, प्रकाश व्यवस्था, पार्किंग, बैठने एवं भोजन व्यवस्था का जायजा लिया गया।
निरीक्षण के दौरान एसडीएम हापुड़, बाबूगढ़ थाना प्रभारी निरीक्षक परवीन कुमार, लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी), सिंचाई विभाग तथा अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे। अधिकारियों ने कांवड़ मार्ग पर पानी, सड़क, बिजली तथा सुरक्षा व्यवस्था को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने धर्मशालाओं में कांवड़ियों के ठहरने एवं बैठने की व्यवस्थाओं की भी जांच की तथा संबंधित अधिकारियों को सभी व्यवस्थाएं समय रहते दुरुस्त करने के निर्देश दिए। बाबूगढ़ पुलिस द्वारा पार्किंग एवं यातायात व्यवस्था को लेकर भी आवश्यक तैयारियां सुनिश्चित की जा रही हैं।
बताया गया कि सावन माह में उत्तराखंड के हरिद्वार तथा ब्रजघाट से जल लेकर लाखों कांवड़िये श्यामेश्वर मंदिर पहुंचते हैं और भगवान शिव का जलाभिषेक करते हैं। इस दौरान क्षेत्र में विशाल मेले का आयोजन होता है तथा जगह-जगह भंडारों की व्यवस्था भी की जाती है।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी कविता मीणा, एसडीएम हापुड़, थाना प्रभारी परवीन कुमार सहित अन्य अधिकारियों ने श्यामेश्वर मंदिर में पहुंचकर भगवान शिव का जलाभिषेक कर क्षेत्र की सुख-समृद्धि की कामना की।
कस्टम टेलरिंग के लिए पहुंचे “द रेमंड शॉप”: 9149331926






















