
श्रद्धालुओं की आस्था के आगे भीषण गर्मी ने मानी हार
हापुड़, सीमन (ehapurnews.com): गंगा दशहरा पर्व पर बृजघाट गंगा स्नान हेतु पहुंचे श्रद्धालुओं की आस्था के आगे भीषण व तपती गर्मी ने भी हार मान ली और सोमवार को भोर होते ही करीब 10 लाख श्रद्धालुओं ने मां गंगा में स्नान करके भारतीय व सनातन संस्कृति के प्रति अपनी अटूट आस्था का परिचय दिया।
पश्चिमी उत्तर प्रदेश, दिल्ली, हरियाणा व राजस्थान आदि इलाकों से श्रद्धालुओं ने गंगा दशहरा से एक दिन पूर्व ही बृजघाट गंगा तट पर पहुंचना शुरू कर दिया और ब्रजघाट पर श्रद्धालुओं का ऐसा सैलाब उमड़ पड़ा की तिल रखने की जगह भी नहीं मिल पाई।
भारतीय परंपरा में गंगा दशहरा पर्व मां गंगा के पृथ्वी पर अवतरण की स्मृति के रूप में मनाया जाता है। मान्यता है कि इस दिन गंगा में स्नान करने से पापों का नाश हो जाता है। साथ ही यह पर्व मनुष्य को गंगा की पवित्रता महत्व और संरक्षण का भी संदेश देता है। इस दिन गंगा स्नान, दान और पूजा करने से जीवन में सुख शांति व पुण्य की भी प्राप्ति होती है। पुरुषोत्तम मास में गंगा दशहरा पर्व आने से इसका महत्व और बढ़ जाता है। सोमवार की भोर होते ही श्रद्धालुओं ने गंगा तट पर स्नान शुरू कर दिया और अनुमान है कि विभिन्न इलाकों से आए करीब 10 लाख श्रद्धालुओं ने गंगा में स्नान किया है और अनेकता में एकता का अनोखा संगम देखने को मिला है। श्रद्धालुओं ने गंगा स्नान के बाद भोजन वह मिष्ठान के साथ गंगा का पूजन किया और परिवार में सुख समृद्धि की कामना की। इसके बाद श्रद्धालुओं ने गरीबों को भोजन कराया और दान दिया।
JMS Group of Institutions Admission Open 2026-2027 7302252600

























