
जीएस मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल में “तनाव प्रबंधन एवं विवाद समाधान” पर दो दिवसीय कार्यशाला का आयोजन
हापुड़, सीमन (ehapurnews.com): पिलखुवा। मानसिक स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता फैलाने और कार्यस्थल पर सकारात्मक संस्कृति को बढ़ावा देने के उद्देश्य से हापुड़ रोड स्थित जीएस मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल में “तनाव प्रबंधन एवं विवाद समाधान” विषय पर दो दिवसीय कार्यशाला का सफल आयोजन किया गया। संस्थान की डॉ. मधुबाला के नेतृत्व में आयोजित इस कार्यक्रम का मुख्य ध्येय चिकित्सकों और संकाय सदस्यों के बीच एक स्वस्थ कार्य वातावरण विकसित करना रहा।
कार्यशाला के मुख्य वक्ता, प्रसिद्ध विशेषज्ञ प्रो. (डॉ.) एन.के. सिंह डीन तीर्थनकार मेडिकल कॉलेज मुरादाबाद ने अपने संबोधन में तनाव के वैज्ञानिक और व्यावहारिक पहलुओं पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने स्पष्ट किया कि तनाव सदैव नकारात्मक नहीं होता; संतुलित मात्रा में यह व्यक्ति को चुनौतियों से लड़ने और बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रेरित करता है। हालांकि, उन्होंने आगाह किया कि यदि तनाव लंबे समय तक बना रहे, तो यह ‘साइलेंट किलर’ की तरह शरीर और मस्तिष्क को गंभीर नुकसान पहुँचाने लगता है। विशेषज्ञों ने रेखांकित किया कि आज की भागदौड़ भरी जिंदगी और गलाकाट प्रतिस्पर्धा मानसिक विकारों का बड़ा कारण बन रही है।
विशेषज्ञ ने तनाव कम करने के लिए कुछ व्यावहारिक सूत्र साझा किए, जिसमें गहरी श्वास प्रक्रिया (Deep Breathing), नियमित व्यायाम, योग और पर्याप्त नींद को अनिवार्य बताया गया। इसके साथ ही विशेषज्ञों ने जीवन में छोटे-छोटे सकारात्मक बदलाव जैसे—पौधारोपण करना, डायरी लिखना और प्रकृति के करीब समय बिताने को मानसिक शांति के लिए रामबाण बताया। इस अवसर पर डॉ. अंकित शर्मा, सीईओ डॉ नेहा गोयल डॉ. रूपाली शर्मा, डॉ. प्रदीप गर्ग, डॉ. एस. कुमार और डॉ. शरद गोयल जैसे वरिष्ठ चिकित्सकों के साथ-साथ उपनिदेशक मनोज शिशोदिया और एस.एन. सिंह विशेष रूप से उपस्थित रहे। कार्यक्रम के समापन पर वक्ताओं ने जोर देते हुए कहा कि “स्वस्थ मन ही स्वस्थ समाज की नींव है” और तनावमुक्त जीवनशैली अपनाकर ही व्यक्ति अपने व्यक्तिगत और व्यावसायिक जीवन में आदर्श संतुलन स्थापित कर सकता है।
S.C.M. Global School || Admission Open : FREE admission charges for 100 students: 7618333399

























