
सभी जिलों में होंगी चित्रकला और मूर्तिकला की निशुल्क कार्यशालाएं
हापुड़, सीमन (ehapurnews.com): राज्य ललित कला अकादमी की ओर से इस बार राजधानी समेत प्रदेश के सभी जिलों में 20 दिवसीय निशुल्क ग्रीष्मकालीन कार्यशालाओं का आयोजन किया जा रहा है। इसमें चित्रकला और मूर्तिकला का प्रशिक्षण दिया जाएगा। खास बात यह है कि कार्यशालाओं में 10 वर्ष के बच्चों से लेकर किसी भी उम्र के बुजुर्ग तक हिस्सा ले सकते हैं।
राज्य ललित कला अकादमी के अध्यक्ष डॉ. सुनील कुमार विश्वकर्मा ने बताया कि एक मई से 30 जून के बीच ग्रीष्मकालीन कार्यशालाओं का आयोजन किया जाना है। इनके लिए प्रशिक्षण शुल्क 600 रुपये लिया जाता था जिसमें से 150 रुपये अकादमी को मिलते थे, बाकी 450 रुपये संयोजक के हिस्से में जाते थे जिससे वे प्रशिक्षण की व्यवस्था कराते थे।… लेकिन इस बार 20 दिवसीय कार्यशाला में अभ्यर्थी को केवल 100 रुपये पंजीकरण शुल्क ही देना होगा। इसके अलावा अकादमी की ओर से – जिस भी जिले में कार्यशाला का आयोजन होगा, वहां प्रशिक्षण देने वाले दोनों प्रशिक्षकों को 7500-7500 रुपये मानदेय दिया जाएगा। कार्यशाला के संयोजक को भी सात हजार रुपये दिए जाएंगे।
पिछले वर्ष केवल आठ जिलों में ही कार्यशालाएं हुई थीं लेकिन इस बार प्रयास है कि सभी जिलों में आयोजन हों। पिछले वर्ष तक कार्यशाला दो वर्गों में बांटी गई थी जिसमें से एक वर्ग 10-17 वर्ष आयु तक का और दूसरा 18-25 वर्ष आयु तक का होता था लेकिन इस बार उम्र की बाध्यता खत्म करते हुए इसे 18 से किसी भी आयु वर्ग तक के लिए कर दिया गया है।
लाजपत नगर, चांदनी चौक का माल अब हापुड़ से खरीदें, 390 रुपए से शुरू: 9456414025























