
हापुड़, सीमन / संजय कश्यप (ehapurnews.com): जनपद हापुड़ के थाना पिलखुवा कोतवाली क्षेत्र में दिल्ली-लखनऊ हाईवे पर दिनदहाड़े बाइक सवार बदमाशों ने गेहूं-चावल व्यापारी के मुनीम को निशाना बनाते हुए उससे लाखों रुपये की नकदी लूट ली और मौके से फरार हो गए। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। घटना की सूचना मिलते ही कई थानों की पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।
आपको बता दें कि प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, मुनीम बाइक से कहीं जा रहा था, तभी पहले से घात लगाए बदमाशों ने उसे हाईवे पर रोक लिया। बदमाशों ने धमकाकर उसके पास मौजूद नकदी छीन ली और बाइक से फरार हो गए। वारदात के बाद आसपास मौजूद लोग कुछ समझ पाते, उससे पहले ही आरोपी ओझल हो चुके थे। घटना की सूचना मिलते ही पिलखुवा कोतवाली पुलिस के साथ-साथ कई थानों की पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और पीड़ित से पूछताछ की जा रही है। हाईवे पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाला जा रहा है, ताकि बदमाशों की पहचान की जा सके। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। पुलिस मामले की जांच कर रही है।























