
जिला पंचायत भाजपा के लिए टेढ़ी खीर
हापुड़, सीमन (ehapurnews.com): उत्तर प्रदेश में जिला पंचायत के चुनावों की औपचारिक घोषणा अभी नहीं हुई है, परंतु अप्रैल-मई माह में चुनाव होने की संभावना के मद्देनजर प्रत्याशियों ने भाग दौड़ शुरू कर दी है।
जिला पंचायत हापुड़ में 19 वार्ड है जिनमें से 6 वार्ड अनारक्षित, 8 वार्ड अनुसूचित पिछड़ा वर्ग, 4 वार्ड अनुसूचित जाति तथा एक वार्ड अनुसूचित जाति महिला के लिए आरक्षित है। वर्तमान में 13 महिलाएं सदस्य हैं। वार्ड आरक्षण चक्र में कोई परिवर्तन होगा अभी यह भी स्पष्ट नहीं है। गत चुनाव में भाजपा तीन सीट ही जीत पाई थी और बसपा की रेखा नागर को अध्यक्ष बनाकर भाजपा ने कब्जा किया था। जनपद के ग्रामीण इलाकों में भाजपा आज भी कमजोर नजर आ रही है।
जनपद हापुड़ में गणतंत्र दिवस पर शहरी व ग्रामीण क्षेत्रों में भावी प्रत्याशियों ने होर्डिंग्स लगाकर लोगों को शुभकामनाएं दी हैं। अनेक भावी प्रत्याशियों ने तो होर्डिंग्स पर कमल का फूल भी अंकित कर दिया है। जिला पंचायत हापुड़ के सदस्य पद हेतु चुनाव में अधिकांश वार्डो में भाजपा व बसपा के बीच सीधी टक्कर होगी। इलाके का दलित वोट बहन जी के पक्ष में पूरी तरह जाता हुआ नजर आ रहा है मुस्लिम वोट भी बसपा के साथ है। यदि अन्य वर्गों का थोड़ा बहुत भी वोट बसपा को मिल गया तो भाजपा के लिए चुनाव निकालना टेढ़ी खीर होगी। रालोद ने भी प्रत्याशी उतारने की घोषणा की है। वैसे भाजपा से टिकट के दावेदारों की लाइन लंबी है। जिला पंचायत हापुड़ के लिए भाजपा से टिकट के दावेदार भाजपा के सभी आयोजनों में दल बल के साथ शामिल हो रहे हैं और खर्च भी वहन कर रहे हैं।
भाजपा को टिकट बांटने से पहले भावी प्रत्याशियों की निष्ठा की जांच करनी होगी।
हापुड़: पायल डिजाइनर कलेक्शन से होलसेल दामों पर खरीदे लेडीज़ कलेक्शन: 7417105068
























