
महिला लोन समूह के नाम पर 12 महिलाओं से की ठगी
हापुड़, सीमन (ehapurnews.com): जनपद हापुड़ में महिला लोन समूह के नाम पर फर्जीवाड़ा कर 12 महिलाओं से लाखों की ठगी का मामला सामने आया है। दो सगी बहनों पर आरोप है कि उन्होंने महिलाओं को झांसा देकर उनके आधार कार्ड, पैन कार्ड, चेक और फोटो ले लिए और ठगी को अंजाम दिया। जब बैंक एजेंट पीड़ित महिलाओं के घर किश्त की रकम लेने पहुंचे तो पूरे मामले का पर्दाफाश हुआ। इसके बाद सभी के होश उड़ गए। महिलाओं ने देहात थाने में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।
मोहल्ला शिवचरणपुरा की भाग्यश्री, मोनिका, अयोध्यापुरी की मुनेश देवी, किशनगंज की उमा, प्रेमवती, रजनी, गीता, दीपा, मीनाक्षी रोड की सविता, अहाता सादक अली की नीलम, नवी करीम की सोया ने बताया कि वह घर-घर काम करके अपने परिवार का पालन पोषण करती है। दो बहनों ने उन्हें अपने झांसे में लिया और बताया कि वह महिलाओं को समूह लोन दिलाती हैं। वहीं दोनों बहनों ने सभी से आधार कार्ड, पैन कार्ड और फोटो मांगे और दो दिन बाद दोनों ने सभी को अपने घर बुलाया। अज्ञात महिलाएं और चार व्यक्ति घर पर मौजूद थे जिन्हें महिलाओं ने एक फाइनेंस कंपनी का एजेंट बताया। इसके बाद महिलाओं से लोन के नाम पर कागजात ले लिए। कुछ दिन बाद बताया कि क्रेडिट स्कोर कम होने के कारण उन सभी का लोन निरस्त हो गया है। अब कुछ दिन पहले एजेंट आए और महिलाओं से किश्त मांगी तो उन्हें असलियत का पता चला। इसके बाद उन्होंने मामले में कार्रवाई की मांग की है। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।
अपने बच्चे की गणित की क्षमता को बढ़ाएँ। अपने बच्चे की एकाग्रता कौशल में सुधार लाएं। आज ही ज्वाइन करें SIP Abacus Hapus. फ्री ट्रायल क्लास के लिए सम्पर्क करें: 6396456731























