
गंगापुल पर बढ़ेगी ट्रेनों की रफ्तार, 60 किमी प्रति घंटे से दौड़ेंगी ट्रेन
हापुड़, सीमन (ehapurnews.com): जनपद हापुड़ के ब्रजघाट में स्थित गंगा रेलवे पुल पर अब ट्रेनों की रफ्तार बढ़ाने की तैयारी है। गंगा पर बने रेलवे पुल से गुजरने वाली ट्रेनों की रफ्तार बढ़ाकर 60 किलोमीटर प्रति घंटा की जाएगी। डाउन लाइन के गर्डर और पटरी चटकने के कारण मार्च 2020 से ट्रेन काशन से गुजारी जा रही है। रेलवे ने अब जाकर चटके गर्डर और पटरियां बदल दी है। इस पर ट्रायल भी शुरू कर दिया गया है।
बताया जा रहा है कि लाइन पर 1400 मीटर पटरी चटक गई और 19 गार्डर भी क्षतिग्रस्त हो गए थे जिसकी वजह से मार्च 2020 से इस लाइन पर ट्रेनों की गति काफी धीमी हो गई थी। ट्रेनों को काशन का नियम अपनाकर 30 किलोमीटर प्रति घंटे की गति से निकाला जा रहा था। रेलवे ने कई महीने तक पटरी और क्षतिग्रस्त हुए गार्डर को बदलवाने का काम किया। इसके लिए कई बार ब्लॉक लेना पड़ा। अब यह काम पूरा हो गया है जिससे ट्रैक पर 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से ट्रेन दौड़ेंगी।
























