
पेट्रोल पंप की लाइन काटने वाला लाइनमैन कार्यमुक्त
हापुड़, सीमन (ehapurnews.com): जनपद हापुड़ के पिलखुवा की परतापुर रोड पर स्थित श्रीजी फ्यूल की लाइन काटने के मामले में ऊर्जा निगम के अधिकारियों ने संज्ञान लेते हुए संविदा कर्मी लाइनमैन को कार्य मुक्त कर दिया है जिससे हड़कंप की स्थिति बनी हुई है। अधिशासी अभियंता का कहना है कि इस प्रकार की मनमानी किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
ज्ञात हो कि मंगलवार की दोपहर को परतापपुर बिजली घर पर तैनात संविदा कर्मी चंद्र मुकुट बिना हेलमेट के पेट्रोल पंप पर पेट्रोल लेने के लिए पहुंचे थे लेकिन हेलमेट न होने की वजह से सेल्समैन ने पेट्रोल देने से इनकार कर दिया जिसके बाद लाइनमैन बहस करने लगा और उसने गुस्से में आकर शटडाउन लेकर विद्युत पोल पर चढ़कर पेट्रोल पंप को सप्लाई करने वाली केबल को काट दिया था। इसके बाद पेट्रोल पंप के कर्मचारियों व अधिकारियों के आदेशों का हवाला देकर उसे समझाने का प्रयास किया लेकिन वह नहीं माना। इसके बाद पेट्रोल पंप संचालक मौके पर पहुंचे और उन्होंने शिकायत की बात कही जिसके आधा घंटे बाद जाकर लाइनमैन ने केबल को जोड़ा था। मामले से जुड़ी वीडियो भी सामने आई थी। ऊर्जा निगम के अधिशासी अभियंता ने संबंधित फर्म को नोटिस भेज कर लाइनमैन को कार्य मुक्त कर दिया है।
Coaching के लिए कॉल करें: 7351945695 || Shriyanshi Study Point






























