हापुड़, सीमन (ehapurnews.com): जनपद हापुड़ के थाना हाफिजपुर क्षेत्र के गांव रामपुर में हरियाणा पुलिस ने स्थानीय पुलिस को साथ लेकर दबिश दी जिससे क्षेत्र में हड़कंप मच गया। मामला हरियाणा के बहादुरगढ़ क्षेत्र में हुई गाड़ी की लूट से जुड़ा था। पुलिस ने एक घर से लूटी हुई कार को बरामद कर लिया। हालांकि आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर भागने में कामयाब रहा। पुलिस ने आरोपी के भाई को हिरासत में ले लिया।
हाफिजपुर थाना प्रभारी विजय कुमार गुप्ता ने बताया कि शनिवार की शाम करीब 7:00 बजे हरियाणा के थाना बहादुरगढ़ क्षेत्र से तीन लुटेरों ने चालक को बंधक बनाकर स्कॉर्पियो गाड़ी को लूट लिया था। इसके बाद पुलिस ने मामले में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की तो गाड़ी की लोकेशन हाफिजपुर क्षेत्र के गांव रामपुर में मिली। हाफिजपुर प्रभारी विजय गुप्ता पुलिसबल के साथ गांव पहुंचे और एक घर से गाड़ी को बरामद कर लिया लेकिन आरोपी सिद्धार्थ अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से भागने में कामयाब रहा। स्थानीय पुलिस ने बहादुरगढ़ पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने आरोपी के भाई को हिरासत में ले लिया। पुलिस ने गाड़ी को बहादुरगढ़ पुलिस के हवाले कर दिया। फिलहाल मामले की जांच जारी है।
बिना चीरे और टांके के दांत व जबड़ा लगवाएं: 7668219093

























