हापुड़, सीमन (ehapurnews.com): एक अप्रैल से ईस्टर्न पेरिफेरल और दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेस-वे पर सफर करना वाहन मालिकों के लिए महंगा हो जाएगा। एनएचएआई (नेशनल हाईवे अथॉरिटी ऑफ इंडिया) 31 मार्च की आधी रात से टोल शुल्क में 5 फीसदी की बढ़ोतरी कर देगा। एनएचएआई की ओर से टोल की नई दरों के निर्धारण का काम शुरू हो चुका है। होली के बाद टोल शुल्क की नई दरें तय करके सार्वजनिक सूचना जारी कर दी जाएगी। नई दरें प्रभावी हो जाने पर दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे और ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेसवे पर सफर करने वाले लाखों वाहन चालकों की जेब पर भार बढ़ेगा।
एनएचएआई ने ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेसवे और दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे समेत अन्य एक्सप्रेसवे पर टोल शुल्क की वसूली और मेंटेनेंस का जिम्मा प्राइवेट कंपनी को दिया हुआ है। एनएचएआई के परियोजना निदेशक धीरज सिंह ने बताया कि इन कंपनियों के अनुबंध के मुताबिक हर साल टोल दरों में एक निर्धारित रकम की बढ़ोतरी की जा सकती है। उन्होंने बताया कि एक अप्रैल से ईस्टर्न पेरिफेरल और दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे समेत अधिकांश टोल रोड पर टोल दरों में पांच फीसदी की बढ़ोतरी लागू हो जाएगी।
कुछ स्थानों पर टोल शुल्क पांच फीसदी से ज्यादा बढ़ सकता है। दरअसल, अगर पांच फीसदी बढ़ोतरी के बाद टोल शुल्क 63, 64 या 89, 54 रुपये हो रहा होगा तो ऐसी रकम को पूर्णांक में बदल दिया जाएगा। यानी 64 की बजाय 65 रुपये, 89 की जगह 90 रुपये या इसी तरह अन्य रकम से दो-तीन रुपये ज्यादा टोल शुल्क निर्धारित किया जा सकता है। इसी तरह अगर किसी सफर के लिए 81, 51 या इसी तरह अन्य रकम तय होगी तो इसे घटाकर पूर्णांक रकम निर्धारित की जा सकती है।
चर्म रोग, गुप्त रोग व एलर्जी के लिए संपर्क करें डॉ शिशिर गुप्ता: 9719123457




























