हापुड़, सीमन (ehapurnews.com): जनपद हापुड़ के थाना कपूरपुर पुलिस ने गांव नरेना में एक खंडहर में चल रही अवैध शस्त्र फैक्ट्री का खुलासा किया है। पुलिस ने मामले में कार्यवाही करते हुए एक अभियुक्त को गिरफ्तार किया है जिसकी निशानदेही पर पुलिस ने 10 अवैध तमंचे, एक राइफल, एक बंदूक एक अधबना तमंचा, छह कारतूस और अवैध शस्त्र बनाने के उपकरण बरामद किए हैं। गिरफ्तार किए गए आरोपी का नाम जावेद पुत्र मुनफेद निवासी गांव बझैड़ा कला थाना कपूरपुर जनपद हापुड़ है। वहीं आरोपी का एक साथी मौके से भागने में कामयाब रहा जिसकी पुलिस तलाश कर रही है। आरोपी लोगों को ऑन डिमांड शस्त्र सप्लाई करते थे। गिरफ्तार किया गया आरोपी जावेद कुख्यात बदमाश है जिसके खिलाफ धौलाना में आर्म्स एक्ट आदि के अभियोग भी पंजीकृत हैं।
हापुड़ के अपर पुलिस अधीक्षक राजकुमार अग्रवाल ने बताया कि कपूरपुर क्षेत्र की गांव नरेना के जंगल में बने खंडहर में एक अवैध शस्त्र फैक्ट्री का संचालन हो रहा था जिसकी सूचना पुलिस को मिली जिसके पश्चात सूचना को स्टीक मानकर कपूरपुर थाना प्रभारी गुरुवार की रात पुलिस बल के साथ खंडहर में दाखिल हुए और मौके से जावेद को गिरफ्तार कर लिया जबकि उसका एक साथी भागने में कामयाब रहा। गिरफ्तार किए गए आरोपी अवैध हथियार बनाकर ऑन डिमांड सप्लाई करते थे जो तमंचे को पांच से सात हजार रुपए, राइफल को 15 से 20 हजार रुपए और बंदूक को 10 से 12 हजार रुपए में बेचकर आर्थिक लाभ कमाते थे। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से कुल 13 अवैध असलहे और असलहे बनाने के उपकरण बरामद किए हैं।
एक ही दुकान से प्लास्टिक का सारा सामान होलसेल दाम पर खरीदें: 9359986878




























