
हेल्दी बेबी प्रतियोगिता में चयनित आठ स्वस्थ बच्चे पुरस्कृत
हापुड़,सूवि(ehapurnews.com):जनपद हापुड़ में आज बाल विकास परियोजना हापुड़ के अन्तर्गत “सेवा संकल्प एवं पोषण माह” के अवसर पर विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में हेल्दी बेबी प्रतियोगिता (Healthy Baby Competition), रेसिपी प्रतियोगिता, उत्कृष्ट कार्य करने वाली आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों को प्रशस्ति-पत्र वितरण, गोदभराई एवं अन्नप्राशन कार्यक्रम आयोजित किये गये।
कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्षता श्रीमती रेखा नागर, विधायक हापुड़ विजयपाल आढती, अध्यक्ष नगर पालिका परिषद हापुड़, ब्लॉक प्रमुख हापुड़ , मुख्य विकास अधिकारी श्रुति शर्मा सहित अन्य जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति रही। कार्यक्रम के दौरान जनप्रतिनिधियों द्वारा लाभार्थियों एवं आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों का उत्साहवर्धन किया गया।
हेल्दी बेबी प्रतियोगिता के अन्तर्गत चयनित 08 स्वस्थ बच्चों को पुरस्कृत किया गया। प्रतियोगिता का उद्देश्य बच्चों के स्वास्थ्य, पोषण एवं नियमित वृद्धि की निगरानी के प्रति अभिभावकों में जागरूकता बढ़ाना रहा।
इसी क्रम में उत्कृष्ट कार्य करने वाली 120 आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों को सम्मानित किया गया। इस अवसर पर आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों द्वारा विभागीय सेवाओं एवं गतिविधियों को प्रभावी ढंग से संचालित करने के लिए किये जा रहे कार्यों को प्रदर्शित किया गया।
कार्यक्रम में आयोजित रेसिपी प्रतियोगिता में स्थानीय एवं पौष्टिक खाद्य सामग्री से तैयार विभिन्न पौष्टिक व्यंजनों का प्रदर्शन किया गया। इसके माध्यम से लाभार्थियों एवं अभिभावकों को संतुलित, विविधतापूर्ण एवं पोषक आहार के महत्व के प्रति जागरूक किया गया। राष्ट्रीय पोषण माह 2026 में भी आहार विविधता, पर्याप्त प्रोटीन तथा आंगनबाड़ी केन्द्रों पर ताजा गरम भोजन जैसे विषयों पर विशेष जोर दिया जा रहा है।
कार्यक्रम के दौरान गर्भवती महिलाओं की गोदभराई एवं बच्चों का अन्नप्राशन संस्कार भी कराया गया तथा लाभार्थियों को पोषण एवं स्वास्थ्य संबंधी आवश्यक जानकारी प्रदान की गयी।
कार्यक्रम में लाभार्थियों एवं उनके अभिभावकों ने बढ़-चढ़कर प्रतिभाग किया। उपस्थित जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों द्वारा आंगनबाड़ी केन्द्रों को पोषण, स्वास्थ्य एवं बाल विकास गतिविधियों का प्रभावी केन्द्र बनाने तथा समुदाय की सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित करने पर बल दिया गया।
जिला कार्यक्रम अधिकारी, हापुड़ द्वारा कार्यक्रम में उपस्थित सभी जनप्रतिनिधियों, लाभार्थियों, आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों एवं संबंधित अधिकारियों/कर्मचारियों का आभार व्यक्त किया गया तथा पोषण एवं बाल विकास से संबंधित गतिविधियों को निरंतर प्रभावी रूप से संचालित किये जाने का आह्वान किया गया।
VIKAS GLOBAL SCHOOL || ADMISSION OPEN: NURSERY TO IX & XI : 8710848586, 8710868788





















