
हापुड़ में यूपीपीसीएस-2025 के मुख्य परीक्षा में सफल छात्र-छात्राओं हेतु साक्षात्कार प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन
हापुड सूवि(EHAPURNEWS.COM):राजकीय आई०ए०एस०/पी०सी०एस० कोचिंग केन्द्र, निजामपुर, हापुड़ में यूपीपीसीएस-2025 के मुख्य परीक्षा में सफल छात्र-छात्राओं हेतु साक्षात्कार प्रशिक्षण कार्यक्रम का शनिवार को आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य अभ्यर्थियों को आगामी साक्षात्कार की प्रक्रिया एवं वातावरण से परिचित कराते हुए साक्षात्कार में सफल होने हेतु आवश्यक तकनीक, व्यक्तित्व, आत्मविश्वास, अभिव्यक्ति-कौशल, समसामयिक विषयों की समझ एवं प्रशासनिक दृ ष्टिकोण के संबंध में आवश्यक मार्गदर्शन प्रदान करना रहा।
साक्षात्कार प्रशिक्षण कार्यक्रम में सुश्री श्रुति शर्मा, मुख्य विकास अधिकारी, हापुड़ द्वारा प्रतिभाग किया गया तथा छात्र-छात्राओं को साक्षात्कार की तैयारी एवं प्रभावी प्रस्तुतीकरण के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी एवं मार्गदर्शन प्रदान किया गया।
कार्यक्रम के दौरान अभ्यर्थियों को साक्षात्कार के दौरान स्वयं का परिचय प्रभावी ढंग से प्रस्तुत करने, प्रश्नों को ध्यानपूर्वक समझकर संयम एवं आत्मविश्वास के साथ उत्तर देने, अपनी अभिरुचियों एवं शैक्षिक पृष्ठभूमि से संबंधित प्रश्नों की तैयारी करने तथा राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर के समसामयिक घटनाक्रम (करंट अफेयर्स), उत्तर प्रदेश से संबंधित महत्वपूर्ण विषयों एवं प्रशासनिक परिस्थितियों की जानकारी रखने के संबंध में महत्वपूर्ण सुझाव प्रदान किए गए। साथ ही प्रशासनिक परिस्थितियों से संबंधित प्रश्नों के उत्तर देने की तकनीक एवं साक्षात्कार के दौरान व्यवहार, हाव-भाव एवं अभिव्यक्ति के संबंध में भी मार्गदर्शन दिया गया।
कार्यक्रम में अभ्यर्थियों को करंट अफेयर्स एवं समसामयिक घटनाओं को साक्षात्कार के प्रश्नों से जोड़कर तार्किक एवं तथ्यपरक ढंग से उत्तर देने, अपने विचारों को स्पष्ट एवं संतुलित रूप से प्रस्तुत करने तथा साक्षात्कार के दौरान सकारात्मक एवं प्रशासनिक दृष्टिकोण बनाए रखने की तकनीकों से भी अवगत कराया गया।
संस्थान द्वारा आयोजित इस साक्षात्कार प्रशिक्षण कार्यक्रम से यूपीपीसीएस-2025 के मुख्य परीक्षा में सफल छात्र-छात्राओं को आगामी साक्षात्कार की प्रभावी तैयारी करने तथा साक्षात्कार में सफलता प्राप्त करने हेतु आवश्यक मार्गदर्शन एवं व्यावहारिक जानकारी प्राप्त हुई।
99 MINI MALL से खरीदें अधिकतर सामान मात्र 99/- में: 8191820867





















