
‘साहित्यम’ स्मारिका का हुआ लोकार्पण, द्वितीय साहित्यम महापर्व की तैयारियों पर मंथन
हापुड़, सीमन (ehapurnews.com):हापुड़। हापुड़ साहित्य समिति की आम बैठक शनिवार को प्रयाग हॉस्पिटल के प्रांगण में आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता समिति के संरक्षक डॉ. अशोक मैत्रेय ने की। कार्यक्रम का संचालन करते हुए समिति के महासचिव महेश वर्मा ने बैठक की कार्यवाही प्रारंभ की।
बैठक का मुख्य आकर्षण साहित्यम महापर्व 2025 की स्मारिका ‘साहित्यम’ का लोकार्पण रहा। स्मारिका का लोकार्पण समिति के संरक्षक डॉ. अशोक मैत्रेय, मार्गदर्शक डॉ. श्याम कुमार तथा अध्यक्ष इंदु मित्तल सहित उपस्थित पदाधिकारियों एवं सदस्यों की गरिमामयी उपस्थिति में किया गया।
इस अवसर पर संरक्षक डॉ. अशोक मैत्रेय ने अपने संबोधन में साहित्य को समाज और संस्कृति को जोड़ने वाला महत्वपूर्ण माध्यम बताते हुए समिति की गतिविधियों एवं साहित्यम महापर्व की सराहना की। मार्गदर्शक डॉ. श्याम कुमार ने भी अपने विचार व्यक्त करते हुए साहित्यिक गतिविधियों को निरंतर आगे बढ़ाने तथा अधिक से अधिक रचनाकारों को मंच से जोड़ने की आवश्यकता पर बल दिया।
समिति की अध्यक्ष इंदु मित्तल ने अपने वक्तव्य में समिति के आगामी कार्यक्रमों एवं साहित्यम के अगले संस्करण को और व्यापक स्वरूप देने की बात कही।
बैठक में साहित्यम महापर्व के द्वितीय संस्करण की प्रस्तावित रूपरेखा, आयोजन की व्यवस्थाओं, अनुमानित बजट एवं संभावित व्यय, आर्थिक सहयोग तथा विभिन्न दायित्वों के निर्धारण पर भी चर्चा की गई।
बैठक में डॉ. योगेश कुमार गोयल, राकेश कुमार, पूनम अग्रवाल, संजीव कुमार, विशाल मांगलिक, वरुण मित्तल एवं डॉ. गौरव मित्तल सहित समिति के अन्य पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे।
अंत में महासचिव महेश वर्मा ने सभी उपस्थित सदस्यों का आभार व्यक्त किया तथा समिति की आगामी गतिविधियों में सक्रिय सहभागिता का आह्वान किया।
Admission open (2026-27)
S.A International School
Call- 9258003065
Email-id stasfee.internationalschool@gmail.com





















