
सम्मान समारोह व कवि सम्मेलन
हापुड़, सीमन (ehapurnews.com):एलायंस क्लब हापुड़ यूथ एवं अखिल भारतीय साहित्यलोक के संयुक्त तत्वावधान में डी.ए.वी. पब्लिक स्कूल, हापुड़ में प्रतिभा सम्मान समारोह एवं कवि सम्मेलन का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रख्यात गीतकार डॉ. राधेश्याम मिश्र ने की, जबकि मंच संचालन डॉ. अनिल बाजपेई ने किया।
कार्यक्रम में आमंत्रित कवियों एवं विशिष्ट अतिथियों को पटका एवं प्रतीक-चिह्न प्रदान कर सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर विद्यालय के प्रधानाचार्य डॉ. विनीत त्यागी ने कहा कि डॉ. अनिल बाजपेई की रचनाएँ समाज को सकारात्मक संदेश देने का कार्य करती हैं तथा उनकी साहित्यिक रचनाएँ सामाजिक चेतना को जागृत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं।
एलायंस क्लब यूथ की अध्यक्ष क्षमा शर्मा ने कहा कि साहित्य और कविता समाज को संस्कार, संवेदना तथा सकारात्मक सोच प्रदान करने का सशक्त माध्यम हैं। डॉ अनिल बाजपेई ने कहा ,
“गर्मी बढ़ती जा रही, सूख रहा संसार।
प्रकृति बचाने के लिए, वृक्ष लगाओ चार॥”
मेरठ से आये कवि संजय जैन सत्यम ने तिरंगे के पांच रंग बतलाये
तीसरा जो रंग हरा वो भूमि व किसान का है
चोथा नीले चक्र का है जो बढ़ाये आन है
पांचवां जो रंग है वो शहीदों के खून का है
तिरंगे के रंग की भी जो बढ़ाये शान है
भरतपुर से पधारे युवा हास्य कवि जय कुमार जय ने
“ ब्याह पहले ऐड पेपर में आप लगवाइए , चुपके छुपे हुए कोकरोच जैसे प्रेमी ऐतराज हो तो उसे पहले ही बताइये “ रचना पढ़कर आजकल हो रहीं घटनाओं पर व्यंग किया ।
कानपुर से पधारे कवि डॉ राधे श्याम मिश्र ने कहा,
“जिसका लक्ष्य बड़ा होता है
आगे वही खड़ा होता है ,
होती है जय जय कार उसी की, जो रणभूमि लड़ा होता है “
इस अवसर पर विद्यार्थियों के बीच काव्य प्रतियोगिता का भी आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में गुंजन कश्यप एवं अंशु चौधरी ने संयुक्त रूप से प्रथम स्थान प्राप्त किया। उदिशा शर्मा तथा आरव कुमार द्वितीय अद्वितीय पाठक तृतीय स्थान पर रहे। विजेता विद्यार्थियों को पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में विद्यालय के प्रधानाचार्य डॉ. विनीत त्यागी, ममता त्यागी, बीना त्यागी एवं भारती राणा को भी सम्मानित किया गया।
अंत में विद्यालय परिवार एवं आयोजकों द्वारा सभी अतिथियों, कवियों एवं प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया गया। कार्यक्रम साहित्य, कविता और विद्यार्थियों की प्रतिभा के सुंदर संगम के रूप में सराहनीय रहा।
एलर्जी, चर्म रोग, गुप्त रोग के लिए अब रविवार को भी डॉक्टर शिशिर गुप्ता से लें परामर्श: 8979824365





















