हापुड़ में निकाली गई जय हिंद तिरंगा यात्रा
हापुड़, सीमन (ehapurnews.com): राष्ट्रीय सैनिक संस्था जनपद हापुड़ की अगुवाई में हापुड़ में मगंलवार को नेता जी सुभाष चंद्र बोस का जन्म दिन पराक्रम दिवस के रुप में मनाया गया और नगर के मुख्य मार्गों से भारत माता की जय के उद्घोष के साथ तिरंगा यात्रा निकाली गई। यह तिरंगा यात्रा हापुड़ के जिस भी मार्ग से निकली लोगों ने पुष्प वर्षा कर स्वागत किया।
राष्ट्रीय सैनिक संस्था द्वारा निकाली गई इस जय हिंद तिरंगा यात्रा को उप कृषि निदेशक डॉक्टर विपिन बिहारी द्विवेदी और जिला कृषि अधिकारी मनोज कुमार ने तिरंगा ध्वज दिखा कर रवाना किया। भगवती गंज मंडी से शुरू हुई यह जय हिंद तिरंगा यात्रा हापुड़ की गढ़ रोड से होते हुए तहसील चौराहा पहुंची जहां से फ्रीगंज रोड, रेलवे रोड होते हुए प्रमुख मार्गों से गुजरी। जय हिंद तिरंगा यात्रा में भक्ति और देशभक्ति दोनों का ही रंग दिखाई दिया। जहां राम मंदिर की तस्वीर भी नजर आई। वातावरण को शुद्ध करने के उद्देश्य से एक हवन कुंड भी रखा गया जिसमें आहुतियां डालकर वातावरण को शुद्ध किया।
देश भक्ति की धुन पर महिला-पुरुष खुद को नृत्य करने से रोक ना सके और सभी इस दौरान जमकर झूमे। नमामि गंगे गंगा विचार मंच की जिला संयोजिक और समाज सेवी अलका निम भी तिरंगा यात्रा में शामिल हुई जिन्होंने अन्य महिलाओं के साथ यात्रा में बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।
लोग हाथों में तिरंगा लिए यात्रा में शामिल हुए। जिस भी इलाके से यात्रा निकाली वहां उसका जोरदार स्वागत हुआ। जनसंख्या समाधान फाऊंडेशन ने भी इस यात्रा में हिस्सा लिया। इस अवसर पर ज्ञानेंद्र त्यागी, राजेंद्र गुर्जर श्याम आदि शामिल हुए।
अब सीखें मेकअप कोर्स और पाएं FREE KIT: 9654657314


























