हापुड़, सीमन (ehapurnews.com): जनपद हापुड़ के थाना बाबूगढ़ कोतवाली पुलिस ने उत्तर प्रदेश की पूर्व मुख्यमंत्री मायावती के ममेरे भाई को हत्या की धमकी देने के मामले में जांच शुरू कर दी है। बाबूगढ़ कोतवाली प्रभारी निरीक्षक हेम सिंह का कहना है कि मामले में निष्पक्ष जांच कर कार्रवाई की जाएगी।
आपको बता दें कि सिमरौली के अनिल कुमार का कहना है कि वह पूर्व मुख्यमंत्री के सगे मामा का पुत्र है जिसने जनपद हापुड़ के देहात क्षेत्र में रहने वाले कुछ लोगों के साथ प्रॉपर्टी का व्यापार किया था। अनिल कुमार का दावा है कि दोनों पक्षों के बीच व्यापार का पूरा लेनदेन हो चुका है लेकिन प्रॉपर्टी का व्यापार करने वाले 31 मई को उसके गांव सिमरौली पहुंचे और एक चाय की दुकान पर बैठकर जाति सूचक शब्द का इस्तेमाल कर अनिल के लिए गाली गलौज शुरू कर दिया।

तहरीर के अनुसार आरोपियों ने दुकानदार से कहा कि अनिल ने उन्हें तीस लाख रुपए का फर्जी चेक दिया है। यदि अनिल ने 30 लाख रुपए नहीं दिए तो वह उसे और उसके परिवार को मौत के घाट उतार देंगे जिसके बाद दुकानदार ने अनिल को मामले से अवगत कराया। अनिल थाने पहुंचा जिसने शिकायत देकर पुलिस से मामले में कार्रवाई की मांग की है।
चर्म रोग, गुप्त रोग व एलर्जी के लिए संपर्क करें डॉ शिशिर गुप्ता: 9719123457























