गंगा स्नान के दौरान एक की डूबने से मौत, 12 को बचाया
हापुड़, सीमन (ehapurnews.com): जनपद हापुड़ की तीर्थ नगरी गढ़मुक्तेश्वर में ज्येष्ठ गंगा दशहरा पर्व पर गहरे पानी में जाने से एक युवक की डूबने से मौत हो गई जिससे परिवार में कोहराम मचा है। वहीं गोताखोरों व नाविकों ने मिलकर 12 लोगों को डूबने से बचाया और उन्हें जीवनदान दिया।
मंगलवार को ज्येष्ठ गंगा दशहरा पर्व पर 26 वर्षीय सरजीत उर्फ लव निवासी आसला नंगला अलीगढ़, नोएडा में ऑटो चलाने का कार्य करता था जो परिजनों के साथ मंगलवार को तीर्थ नगरी गंगा स्नान के लिए पहुंचा। सरजीत डुबकी लगाने के दौरान बीच धारा में पहुंच गया और बहने लगा जिसे देख गोताखोरों ने गंगा में छलांग लगाई और युवक की तलाश शुरू की। करीब आधे घंटे बाद युवक का शव बरामद हुआ जिसे देख परिजनों के होश उड़ गए। उनका रो रो कर बुरा हाल है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
वहीं गोताखोरों ने इस दौरान 12 लोगों को डूबने से बचा कर उन्हें जीवनदान दिया। निजी गोताखोर टीम के सदस्य दीपचंद केवट, राजमल केवट, गोपाल, रोहतास, आनंद, विनोद ने हरियाणा के रामचंद्र प्रदीप, दिल्ली के शालिनी, विक्की, मुरादाबाद के राजीव, बुलंदशहर के रुपेश, नीलम, रूपाली, गाजियाबाद के रवि, नोएडा से बॉबी, दादरी से विवेक, रवि को गंगा में डूबने से बचाया।























