हापुड़, सीमन (ehapurnews.com): जनपद हापुड़ के थाना हापुड़ देहात क्षेत्र के नए हाईवे पर सोमवार की देर शाम दो गाड़ियों की भिड़ंत में एक बच्ची व एक महिला समेत चार लोग घायल हो गए जिन्हें पुलिस ने हापुड़ की गढ़ रोड पर स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया जिनका उपचार जारी है। वहीं सड़क हादसे के दौरान दोनों गाड़ियां क्षतिग्रस्त हो गई जिन्हें पुलिस ने कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। हादसे के दौरान हाइवे पर चीख-पुकार मच गई, जाम लग गया। मौके पर पहुंची पुलिस ने किसी तरह स्थिति पर काबू पाया। प्राप्त जानकारी के अनुसार हापुड़ देहात क्षेत्र के ततारपुर के पास स्थित पटना मोड के यह हादसा हुआ।
हादसे में चार घायल:
बताया जा रहा है कि स्कॉर्पियो सवार सौरभ पुत्र सुरेश निवासी दिल्ली गाड़ी चला रहे थे जो एक महिला व एक बच्ची के साथ गढ़ की ओर से दिल्ली जा रहे थे। जैसे ही वह काली नदी के पास पहुंचे तो सौरभ ने गाड़ी अचानक मोड़ दी। वहीं पीछे आ रही एक अन्य गाड़ी में सवार वीरेंद्र पुत्र घनश्याम निवासी इंदिरापुरम गाजियाबाद की गाड़ी की आगे चल रही स्कॉर्पियो से भिड़ंत हो गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने चारों घायलों को गाड़ी से निकाला और अस्पताल में भर्ती कराया जिनका उपचार जारी है।
स्कॉर्पियो खेतों में जा गिरी:
सड़क हादसे के दौरान स्कॉर्पियो हाईवे से उतरकर खेतों में जा गिरी। वहीं दोनों वाहन इस दौरान क्षतिग्रस्त हो गए जिससे सड़क पर जाम लग गया। पुलिस ने मौके पर पहुंच कर जाम खुलवाया और वाहनों को साइड कराया।






















