
नियमों का उल्लंघन करने पर 51 वाहनों के चालान
हापुड़, सीमन (ehapurnews.com): हापुड़ जनपद के थाना बाबूगढ़ क्षेत्र में यातायात पुलिस ने मॉडिफाइड साइलेंसर और प्रेशर हॉर्न के खिलाफ सख्त अभियान चलाकर बड़ी कार्रवाई की है। सड़क पर शोर और नियमों के उल्लंघन पर लगाम लगाने के लिए यह विशेष अभियान चलाया गया।
टीएसआई कामेश सिंह और कुचेसर चौपला चौकी प्रभारी ओमकार गंगवार के नेतृत्व में कुचेसर चौपला फ्लाईओवर के नीचे व्यापक वाहन चेकिंग अभियान चलाया गया, जिसमें गुजरने वाले वाहनों की बारीकी से जांच की गई। पुलिस की खास नजर उन बाइकों पर रही, जिनमें मॉडिफाइड साइलेंसर लगे थे और जो पटाखों जैसी तेज आवाज कर रहे थे।
अभियान के दौरान नियमों का उल्लंघन करने पर 51 वाहनों के चालान किए गए, जबकि एक मॉडिफाइड बुलेट मोटरसाइकिल को सीज किया गया। इसके अलावा तेज आवाज वाले प्रेशर हॉर्न लगाने वाले वाहन चालकों के खिलाफ भी सख्त कार्रवाई की गई और हजारों रुपये के चालान वसूले गए।
पुलिस अधिकारियों ने साफ कहा कि मॉडिफाइड साइलेंसर और प्रेशर हॉर्न न केवल यातायात नियमों का उल्लंघन हैं, बल्कि आम जनता के लिए परेशानी और सड़क दुर्घटनाओं की वजह भी बन सकते हैं। ऐसे में नियम तोड़ने वालों के खिलाफ आगे भी लगातार अभियान जारी रहेगा।
पुलिस ने वाहन चालकों को चेतावनी देते हुए कहा कि भविष्य में दोबारा इस तरह की लापरवाही सामने आई, तो और कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
फिलहाल इस अभियान से आम लोगों ने राहत महसूस की है और यातायात पुलिस की इस कार्रवाई की सराहना की जा रही है।
कैलकुलेटर से भी तेज दौड़ेगा दिमाग, सीखें अबेकस (Abacus) व वैदिक मैथ्स (Vedic Maths) 9219237480






















