
बाबूगढ़ वनखंडा में लगा 500 वर्ष पुराना श्री अजगर-बसंती माता मेला, लाखों श्रद्धालुओं ने किए दर्शन
हापुड़, सीमन/ अमित कुमार (ehapurnews.com): हापुड़ के बाबूगढ़ क्षेत्र के वनखंडा में सोमवार को ऐतिहासिक श्री अजगर-बसंती माता मेले का विधि-विधान से शुभारंभ हुआ। करीब 500 वर्षों से आयोजित हो रहे इस मेले में दूर-दराज क्षेत्रों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे और माता के दरबार में पूजा-अर्चना कर सुख-समृद्धि की कामना की। मेले में भंडारे, प्रसाद और पारंपरिक दंगल का भी आयोजन किया गया।
जनपद हापुड़ के बाबूगढ़ क्षेत्र स्थित वनखंडा में आस्था और श्रद्धा का प्रमुख केंद्र माने जाने वाले श्री अजगर-बसंती माता मेले का शुभारंभ पूजा-अर्चना और फीता काटकर किया गया।
मान्यता है कि यह मेला करीब 500 वर्षों से आयोजित होता आ रहा है। अजगर-बसंती माता मंदिर को लेकर श्रद्धालुओं में विशेष आस्था है। सुबह से ही मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ने लगी और दिनभर माता के दर्शन के लिए भक्तों का तांता लगा रहा।
स्थानीय लोगों के अनुसार, करीब 500 वर्ष पहले कुचेसर रियासत के समय क्षेत्र में भीषण महामारी फैली थी। महामारी से मुक्ति की कामना को लेकर इसी स्थान पर महायज्ञ का आयोजन किया गया था। जनश्रुति के मुताबिक उस समय गांव की दो कन्याओं अजगर और बसंती ने लोककल्याण के लिए हवन कुंड में अपने प्राणों की आहुति दी थी। इसी मान्यता के चलते उनकी स्मृति में हर वर्ष यहां मेला और यज्ञ आयोजित किया जाता है।
मेले में समाजसेवी आशुतोष त्यागी की ओर से प्रसादी का आयोजन किया गया, जिसमें हजारों श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया। श्रद्धालुओं के लिए हलवे का प्रसाद और विशाल भंडारे की भी व्यवस्था की गई।
वहीं मेले में पारंपरिक दंगल और कुश्ती प्रतियोगिता भी आकर्षण का केंद्र रही। क्षेत्र के पहलवानों ने अखाड़े में अपने दांव-पेंच दिखाए, जिसे देखने के लिए बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।
मेले में क्षेत्र के गणमान्य नागरिकों, ग्रामीणों और श्रद्धालुओं की बड़ी संख्या में मौजूदगी रही। पूरे क्षेत्र में दिनभर धार्मिक आस्था और उत्साह का माहौल बना रहा है।
होलसेल दामों पर खरीदें व बनवाएं कस्टमाईज़ड टाइल्स: 8449930105, 9837824010




















