हापुड़, सीमन (ehapurnews.com): पुलिस को उसके सख्त और कड़े रवैये के लिए जाना जाता है लेकिन रविवार को पुलिस ने मदद का हाथ बढ़ाकर बाइक से बागपत जा रहे एक परिवार को बचाया है। बाइक के पीछे वाले पहिए में बाइक सवार महिला का दुपट्टा अचानक फंस गया। पीछे से आ रही पीआरवी 2989 पर तैनात पुलिसकर्मियों ने तुरंत बाइक को रोका और कड़ी मशक्कत कर दुपट्टे को बाहर निकाला। यदि पुलिस की निगाह ना पड़ती तो हादसा हो सकता था।
बुलंदशहर के गुलावठी से एक परिवार बाइक पर सवार होकर बागपत के बड़ौत जा रहा था। जैसे ही वह हापुड़ की मोदीनगर रोड पर स्थित भट्टे के पास पहुंचा क्षेत्र में गश्त कर रही पीआरवी की नजर बाइक के पहिए पर पड़ी जिस पर बैठी बाइक सवार महिला का दुपट्टा पहिए में फंस गया। पीआरवी ने ओवरटेक कर बाइक को रोका और प्लास, पेच आदि की मदद से कड़ी मशक्कत कर फंसा हुआ दुपट्टा बाहर निकाला और बाइक सवारों से संभल कर चलने को कहा। इसके बाद परिजनों ने पुलिस का आभार जताया।





























