
शराब के ठेके को लेकर ग्रामीणों में नाराजगी, डीएम दरबार पहुंची शिकायत
हापुड़, सीमन (ehapurnews.com): हापुड़ के थाना बाबूगढ़ क्षेत्र के गांव बनखंडा में चल रहे देसी शराब के ठेके को लेकर ग्रामीणों और किसानों में नाराजगी सामने आई है। ग्रामीणों ने ठेके को गांव और कृषि क्षेत्र से हटाने की मांग करते हुए जिलाधिकारी से शिकायत की है।
ग्रामीण लोकेश कुमार ने शिकायत पत्र देकर बताया कि ठेके के आसपास दिन-रात शराब पीने वालों की भीड़ लगी रहती है। इससे गांव का माहौल प्रभावित होने के साथ-साथ स्थानीय लोगों को भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
ग्रामीणों का कहना है कि शराब पीने के बाद लोग गिलास, पाउच और प्लास्टिक समेत अन्य कचरा खेतों के आसपास फेंक देते हैं। लगातार कचरा जमा होने से खेतों में गंदगी बढ़ रही है और कृषि भूमि भी प्रभावित हो रही है।
शिकायत में यह भी बताया गया कि इस समस्या को लेकर पहले कई बार अधिकारियों से शिकायत की जा चुकी है, लेकिन ग्रामीणों के अनुसार अभी तक ठोस कार्रवाई नहीं हुई। इसी वजह से उन्होंने जिलाधिकारी से मामले में हस्तक्षेप कर ठेके का स्थान बदलवाने की मांग की है।
मामले को लेकर एडीएम संदीप सिंह ने कहा कि शिकायत की जांच कराई जाएगी। जांच के आधार पर नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
होलसेल दामों पर खरीदें व बनवाएं कस्टमाईज़ड टाइल्स: 8449930105, 9837824010




















