
चेतन कुमार को गुजरात किंग्स की कप्तानी, नेशनल डेफ प्रीमियर लीग में संभालेंगे टीम
हापुड़, सीमन (ehapurnews.com): हापुड़ जिले के गांव छजारसी निवासी मूक-बधिर दिव्यांग क्रिकेटर चेतन कुमार को नेशनल डेफ प्रीमियर लीग में गुजरात किंग्स की कप्तानी की जिम्मेदारी मिली है। प्रतियोगिता का आयोजन 28 सितंबर से 1 अक्टूबर तक हैदराबाद के तेलंगाना में किया जाएगा।
चेतन कुमार क्रिकेट के ऑलराउंडर हैं और इससे पहले अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी अपनी प्रतिभा दिखा चुके हैं। श्रीलंका, बांग्लादेश और दुबई में आयोजित अंतरराष्ट्रीय मुकाबलों में वह भारतीय टीम का प्रतिनिधित्व कर चुके हैं।
उनके शानदार प्रदर्शन को देखते हुए उन्हें इस प्रतियोगिता में टीम की कमान सौंपी गई है। गुजरात किंग्स की कप्तानी मिलने से चेतन के गांव और पूरे जनपद में खुशी का माहौल है। बधिर समुदाय के लोगों ने भी उनकी उपलब्धि पर प्रसन्नता जताई है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि सीमित संसाधनों और चुनौतियों के बावजूद चेतन ने क्रिकेट में अपनी अलग पहचान बनाई है। अब उनके सामने नई जिम्मेदारी है कि टूर्नामेंट में गुजरात किंग्स को बेहतर प्रदर्शन कराएं।
जनपदवासियों ने चेतन को नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं दी हैं और उम्मीद जताई है कि वह अपनी कप्तानी और खेल प्रतिभा से टीम को सफलता दिलाएंगे।
Gopal Ji Jewellers, Wholesaler of High Class Gold, Silver & Diamond Ornaments: 9758449179





















