
हापुड़, सीमन/ अमित कुमार (EHapurNews.com): हापुड़ में शनिवार शाम तेज रफ्तार का कहर देखने को मिला। नगर कोतवाली क्षेत्र के बुलंदशहर रोड स्थित पुरानी चुंगी के पास एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया।बताया जा रहा है कि कोटला मेवतियान निवासी 46 वर्षीय मुन्नी देवी पत्नी रोहताश घर से सब्जी खरीदने के लिए निकली थीं। शाम करीब 6 बजे जब वह पुरानी चुंगी के पास बुलंदशहर रोड पर पहुंचीं, तभी तेज रफ्तार पिकअप वाहन ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी।टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि महिला उछलकर सड़क पर जा गिरीं और गंभीर रूप से घायल हो गईं। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास मौजूद लोगों ने घायल महिला को तत्काल अस्पताल पहुंचाया।डॉक्टरों ने महिला को बचाने की पूरी कोशिश की, लेकिन इलाज के दौरान मुन्नी देवी ने दम तोड़ दिया। महिला की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।वहीं, हादसे की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस पिकअप वाहन और उसके चालक के संबंध में जानकारी जुटा रही है।

















