हापुड़, सीमन (ehapurnews.com): जनपद हापुड़ के थाना बाबूगढ़ क्षेत्र के रसूलपुर कट के पास बुधवार की सुबह एक ट्रक और टूरिस्ट बस की भिड़ंत हो गई। सड़क हादसे के दौरान ड्राइवर की साइड बुरी तरीके से क्षतिग्रस्त हो गई। बस का शीशा भी चटक गया और चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। सड़क हादसे के दौरान यात्रियों में चीख-पुकार मच गई। मामले की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और चालक को अस्पताल में भर्ती कराया। वहीं मौका पाकर अज्ञात ट्रक चालक फरार हो गया जिसकी पुलिस तलाश कर रही है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार पंजाब नंबर की एक बस बुधवार की सुबह उत्तर प्रदेश के बढ़नी से पंजाब जा रही थी। जैसे बस जनपद हापुड़ के थाना बाबूगढ़ कोतवाली क्षेत्र के रसूलपुर कट के पास पहुंची तो अज्ञात ट्रक ने बस में साइड मार दी। सड़क हादसे के दौरान यात्रियों में हड़कंप मच गया। वहीं चालक ने समय रहते बस को काबू में कर लिया लेकिन बस चालक बबलू निवासी लुधियाना इस दौरान गंभीर रूप से घायल हो गया। मामले की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची जिसने आनन-फानन में घायल को अस्पताल में भर्ती कराया। राहत की बात यह रही कि इस दौरान किसी यात्री को गंभीर चोट नहीं आई। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
कम से कम ब्याज पर लोन लेने के लिए संपर्क करें: 9756129288























