
सिंभावली में दर्दनाक हादसा: घर के बाहर खड़ी महिला को अनियंत्रित ट्रैक्टर-ट्रॉली ने कुचला, मौत
हापुड़, सीमन (ehapurnews.com): जनपद हापुड़ के थाना सिंभावली क्षेत्र से एक बेहद दर्दनाक हादसे की खबर सामने आई है। तिगरी गांव में शनिवार रात एक अज्ञात अनियंत्रित ट्रैक्टर-ट्रॉली की चपेट में आने से 50 वर्षीय महिला की जान चली गई।
मिली जानकारी के मुताबिक, तिगरी गांव की रहने वाली कुसुम (50 वर्ष), पत्नी परमानंद, शनिवार रात अपने घर के बाहर खड़ी थीं। इसी दौरान वहां से गुजर रहे एक ट्रैक्टर-ट्रॉली के चालक ने वाहन पर से अपना नियंत्रण खो दिया और सीधे महिला को जोरदार टक्कर मार दी।
हादसा इतना भीषण था कि कुसुम गंभीर रूप से घायल हो गईं। आनन-फानन में उन्हें उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची। थाना प्रभारी निरीक्षक के अनुसार, पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर कानूनी प्रक्रिया पूरी की और शव को परिजनों के सुपुर्द कर दिया। हालांकि, परिजनों ने बिना किसी पुलिस कार्रवाई के महिला का अंतिम संस्कार कर दिया है। पुलिस का कहना है कि फिलहाल मामले में परिजनों की ओर से कोई लिखित तहरीर प्राप्त नहीं हुई है।
Brainwaves International School: Admissions Open 2026-27 (Playgroup – Grade XI)





















