
हापुड़, सीमन (ehapurnews.com): जनपद हापुड़ के थाना बहादुरगढ़ क्षेत्र के गांव शेरपुर में बुधवार की देर शाम दो पक्षों के बीच मामूली विवाद हो गया। इस दौरान जमकर मारपीट हुई। एक पक्ष के तीन युवक घायल हो गए। सूचना पर पुलिस गांव में पहुंची और जांच पड़ताल शुरू की।
गांव शेरपुर निवासी लोकेश, विवेक और मोंटी शाम को खाना खाने के बाद टहलने के लिए जा रहे थे। इसी दौरान दूसरे पक्ष के कुछ लोग वहां पहुंच गए और उनके साथ अभद्र व्यवहार किया। गाली गलौज करने लगे। युवकों ने विरोध जताते हुए गाली गलौच ना करने के लिए कहा लेकिन दूसरे पक्ष के लोग नहीं माने। इसके बाद मामला बढ़ गया। दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। कुछ ही देर में दोनों पक्षों की तरफ से लात-घूंसे चले और हाथापाई होने लगी। इसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची। दोनों पक्षों को शांत कराया। पुलिस ने मामले में घायलों को अस्पताल भेजा और जांच शुरू कर दी।























