हापुड़, सीमन/अमित कुमार (ehapurnews.com): जनपद हापुड़ के थाना बाबूगढ़ कोतवाली क्षेत्र के गांव कनिया में चोरों ने एक बंद पड़े मकान को अपना निशाना बनाया। मकान में दाखिल हुए चोरों ने घर में रखी 88 हजार रुपए की नकदी और सोने-चांदी के आभूषणों पर हाथ साफ कर दिया। गुरुवार की सुबह परिजन जब घर पहुंचे तो उन्हें मामले की जानकारी हासिल हुई जिन्होंने पुलिस को मामले से अवगत कराया। बताया जा रहा है कि किसी को शक न हो ऐसे में चोर घर में छत से दाखिल हुए। चोरों ने घर के मुख्य दरवाजे का ताला नहीं तोड़ा हालांकि अंदर के दो कमरों के दरवाजे को तोड़ते हुए चोरों ने घर में चोरी की।
आपको बता दें कि देवेंद्र पाठक पुत्र खचेडू निवासी गांव कनिया अपनी पत्नी के साथ गाजियाबाद में रह रहे अपने बेटों के पास गए हुए थे। बताया जा रहा है कि देवेंद्र पाठक ने आंखों का ऑपरेशन कराया है। गुरुवार की सुबह जब परिजन घर पहुंचे तो मुख्य दरवाजे का ताला खोलकर जैसे ही अंदर दाखिल हुए तो हालत देखकर दंग रह गए। घर के भीतर दोनों कमरों के दरवाजे टूटे हुए थे, सामान बिखरा हुआ था। परिजनों को समझने में देर ना लगी कि चोरों ने घर में चोरी की घटना को अंजाम दिया है। परिजनों ने देखा कि घर में रखी लगभग 88,000 की नकदी गायब है। इसी के साथ चोर सोने का टीका, चांदी की पायल, सोने की चेन, अंगूठी आदि गहने तथा गैस सिलेंडर व अन्य सामान चोरी कर फरार हो गए। परिजनों ने पुलिस से मामले में कार्रवाई की मांग की है।
न्यूज़ पोर्टल बनवाने के लिए सम्पर्क करें: 7982617202






















