हापुड़, सीमन (ehapurnews.com) : जनपद हापुड़ के थाना पिलखुवा कोतवाली क्षेत्र के छिजारसी गांव में उस समय अफरातफरी बन गई जब संदिग्ध परिस्थितियों में एक झोपड़ी में अचानक आग लग गई. झोपड़ी के अंदर परिवार के मुखिया राजाराम समेत चार लोग मौजूद थे जिन्हें किसी तरह स्थानीय लोगों ने बाहर निकाला. सूचना पाकर दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया. इस दौरान झोपड़ी में रखा सारा सामान जलकर राख हो गया. परिजनों का आरोप है कि किसी ने उनकी झोपड़ी में उन्हें खदेड़ने के उद्देश्य से यह आग लगाई है.
मामला शुक्रवार की देर रात का है जब सिलाई का काम करने वाले परिवार के मुखिया राजाराम उनकी पत्नी शांति, 23 वर्षीय पुत्र प्रशांत व पुत्रवधू प्रियांशी झोपड़ी में सो रहे थे कि अचानक झोपड़ी में संदिग्ध परिस्थितियों में आग लग गई जिससे हाहाकार मच गया. आग की लपटों को देख झोपड़ी में मौजूद लोगों की आंख खुली और किसी तरह उन्होंने भाग कर अपनी जान बचाई. झोपड़ी में जो सामान रखा हुआ था वह जलकर स्वाहा हो गया. दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची और झोपड़ी में लगी आग को बुझा दिया.
आपको बता दें कि पंचायत घर के पीछे एलएमसी की जमीन पर 40 साल पहले राजाराम को 35 गज का पट्टा मिला था जिस पर उन्होंने यह झोपड़ी बनाई. परिजनों का कहना है कि किसी शरारती तत्व ने उनकी झोपड़ी को खाली कराने के उद्देश्य से यह आग लगाई है. परिजनों ने 112 डायल कर पुलिस को मामले से अवगत कराया है. आग लगने से हुए नुकसान की वजह से परिजनों का रो रो कर बुरा हाल है.






















