
भाजपा के जिला मंत्री व मंडल अध्यक्ष में कुर्सी को लेकर हुआ विवाद लखनऊ तक पहुंचा
हापुड़, सीमन (ehapurnews.com): जनपद हापुड़ के पिलखुवा क्षेत्र के ग्राम खेड़ा में केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूरे होने पर कार्यक्रम का आयोजन किया गया जिसमें भाजपा के मंडल अध्यक्ष तेजवीर सिंह तोमर और जिला मंत्री सन्नी तोमर के बीच कुर्सी को लेकर मनमुटाव देखने को मिला। इस विवाद के बाद तेजवीर सिंह तोमर ने अपने फेसबुक अकाउंट पर नाराजगी जताते हुए पोस्ट कर दिया। यह मामला हाईकमान तक पहुंच गया है जिससे दोनों पदाधिकारियों की धड़कनें बढ़ गई हैं। बता दें कि दोनों के बीच आधा घंटा तक नोकझोंक हुई।
भाजपा के गालंद मंडल अध्यक्ष तेजवीर सिंह तोमर ने सोशल मीडिया पर पोस्ट करते हुए लिखा कि, “राजनीति में भाषा का स्तर ही व्यक्ति के संस्कार और चरित्र का परिचय देता है। भारतीय जनता पार्टी के 12 वर्ष पूर्ण होने पर आज गालंद मंडल में एक हवन का आयोजन किया गया जिसमें जिला मंत्री सन्नी तोमर जी (जो कि आयु में मेरे पुत्र की आयु से भी कम हैं) उन्होंने मुझे दो महीने में मंडल अध्यक्ष पद से हटाने की धमकी दी है और गाली गलौज कर मुझे बेहद अपमानित किया है, जिससे मैं बहुत दुखी हूं। मैं भारतीय जनता पार्टी का पिछले 27 वर्ष से निरंतर कार्यकर्ता हूं। मुझे पूरी आशा है कि शीर्ष नेतृत्व इस पर संज्ञान लेकर उचित कार्रवाई करेगा।”
वहीं जिला मंत्री सन्नी तोमर ने बताया कि “कार्यक्रम के दौरान कुर्सियां मंगवाने के लिए कहा था. इस पर मंडल अध्यक्ष ने अपने बेटे को बुलवाकर पिटाई करवाने की धमकी दी जबकि मैंने उनसे कोई अभद्रता नहीं की है। अब हम दोनों के बीच मनमुटाव खत्म हो गया है।”
VIKAS GLOBAL SCHOOL || ADMISSION OPEN: NURSERY TO IX & XI : 8710848586, 8710868788























