
मतदान महत्व पर निबंध प्रतियोगिता में शिरीन प्रथम
हापुड,सीमन (ehapurnews.com):आर्य कन्या स्नातकोत्तर महाविद्यालय हापुड़ में भारत निर्वाचन आयोग एवं मुख्य निर्वाचन अधिकारी, उत्तर प्रदेश, लखनऊ के निर्देश के अनुपालन में राष्ट्रीय सेवा योजना एवं मतदाता साक्षरता क्लब के संयुक्त तत्वावधान में “मतदान का महत्व एवं शुद्ध मतदाता सूची का महत्व” विषयों पर निबंध प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का संचालन करते हुए राष्ट्रीय सेवा योजना की कार्यक्रम अधिकारी डॉ. नीशू यादव ने बताया कि इस निबंध प्रतियोगिता का उद्देश्य छात्राओं में अभिव्यक्ति कौशल के साथ-साथ संवैधानिक चेतना विकसित करना है। उन्होंने छात्राओं को यह भी बताया कि किस तरह एक जागरूक मतदाता अफवाहों से बचकर, EVM-VVPAT जैसी पारदर्शी प्रणाली पर भरोसा करते हुए राष्ट्र निर्माण में भागीदार बनता है। महाविद्यालय की कुल 10 छात्राओं ने निबंध प्रतियोगिता में भाग लियाl अपने निबंध में छात्राओं ने मतदान का महत्व , युवा मतदाताओं की भूमिका और मतदान से जुड़े अपने मौलिक विचारों व शुद्ध मतदाता सूची का लोकतंत्र में महत्व आदि विषयों को प्रभावशाली ढंग से रखाl निर्णायक मंडल की सदस्या प्रो. सीमा सिंह और श्रीमती साधना ने अपना निर्णय देते हुए कु. शिरीन को प्रथम, कु. राधिका को द्वितीय एवं कु. मोनिका को तृतीय विजेता घोषित किया। मतदाता साक्षरता क्लब की नोडल अधिकारी डॉ. सर्वेश कुमारी ने कहा कि लोकतंत्र की मजबूती कलम और वोट दोनों से आती है। जब युवा अपने विचार लिखेंगे, तभी वे मतदान के महत्व को सही मायने में आत्मसात करेंगे। महाविद्यालय की कार्यवाहक प्राचार्या प्रोफेसर अमिता शर्मा ने छात्राओं को अपने मताधिकार का अनिवार्य रूप से प्रयोग करने एवं अपने परिवार व समाज के लोगों को भी जागरूक करने का सन्देश देते हुए प्रतियोगिता में विजयी छात्राओं को बधाई दी तथा महाविद्यालय में होने वाले विभिन्न प्रकार की होने वाली सांस्कृतिक, साहित्यिक गतिविधियों में सक्रिय रूप से प्रतिभागिता करने के लिए प्रेरित भी कियाl कार्यक्रम में महाविद्यालय की प्राध्यापिकाएं, छात्राएं एवं राष्ट्रीय सेवा योजना की स्वयंसेविकाएं भी उपस्थित रहीं।
Admission open (2026-27)
S.A International School
Call- 9258003065
Email-id stasfee.internationalschool@gmail.com

























