हापुड़, सीमन (ehapurnews.com): जनपद हापुड़ के थाना हाफिजपुर क्षेत्र के गांव रामपुर में 23 वर्षीय युवती की हत्या के मामले में पुलिस ने चार नामजद परिजनों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर दो को हिरासत में लेकर जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने हत्या व साक्ष्य छिपाने की धारा में मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस ने मृतका के भाई अरुण, तहेरे भाई अनुज, मृतका के ताऊ और चाचा के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है। अपर पुलिस अधीक्षक मुकेश कुमार मिश्र का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है।
ज्ञात हो कि गुरुवार की रात गांव निवासी 23 वर्षीय मीनाक्षी की हत्या का मामला सामने आया जहां उसके भाइयों पर बहन की हत्या का आरोप है। मीनाक्षी हापुड़ के कॉलेज में बीए द्वितीय वर्ष की छात्रा थी। किसी कारणवश मीनाक्षी का अपने भाई अरुण से गुरुवार की देर रात विवाद हो गया जिससे गुस्साए अरुण ने आपा खो दिया और तहेरे भाई अनुज के साथ मिलकर मीनाक्षी की गला दबाकर हत्या कर दी और परिजनों को आत्महत्या की जानकारी दी। परिजनों को बताया कि मीनाक्षी ने फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली है जिसके बाद जिस चादर से गला घोटा गया था। उसी चादर में शव की गठरी बनाकर परिजन उसे श्मशान ले गए और अंतिम संस्कार कर दिया। शुक्रवार की सुबह जब पुलिस को मामले की जानकारी हासिल हुई तो फॉरेंसिक टीम और पुलिस गांव पहुंची जहां चिता से अवशेष लेकर जांच को भेज दिए हैं। वहीं पुलिस ने चार के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने दो को हिरासत में ले लिया है।






















