
हापुड़ में CMO का औचक छापा: दो डॉक्टर और LT नदारद, आरोग्य केंद्र पर लटका मिला ताला
हापुड़, सीमन (ehapurnews.com):हापुड़ जिले के सरकारी स्वास्थ्य केंद्रों में व्यवस्थाओं की पोल खोलती एक बड़ी खबर सामने आई है। सरकारी दावों के विपरीत, धरातल पर मरीजों को बेहतर इलाज मिलना तो दूर, डॉक्टर और स्टाफ ही अपनी ड्यूटी से नदारद मिल रहे हैं। मुख्य चिकित्सा अधिकारी (CMO) डॉक्टर किशोर कुमार आहूजा जब खुद निरीक्षण करने निकले, तो कई गंभीर खामियां और लापरवाही उजागर हुईं।
मामला हापुड़ तहसील गढ़मुक्तेश्वर के बहादुरगढ़ क्षेत्र का है। यहां CMO डॉ. किशोर कुमार आहूजा ने प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (PHC) और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण का मकसद स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता जांचना और कर्मचारियों की उपस्थिति सुनिश्चित करना था। लेकिन जांच के दौरान दो डॉक्टर और लैब तकनीशियन (LT) अपनी ड्यूटी से गायब पाए गए। इतना ही नहीं, गढ़ के ग्रामीण आरोग्य केंद्र पर जब स्वास्थ्य विभाग की टीम पहुंची, तो वहां मेन गेट पर ताला लटका मिला। इसके चलते इलाज कराने आए दूर-दराज के मरीजों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा। मौके पर मौजूद अधिकारियों ने मरीजों को CHC और PHC जाने की सलाह दी ताकि वे अपना इलाज करा सकें। मामले पर कड़ा रुख अपनाते हुए मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. किशोर कुमार आहूजा ने कहा—”जो भी कर्मचारी बिना सूचना हड़ताल पर हैं या अनुपस्थित हैं, उन्हें नोटिस जारी कर वेतन काटने की कार्रवाई की जा रही है। स्वास्थ्य सेवाओं में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।”
तमाम दावों के बावजूद सरकारी स्वास्थ्य केंद्रों पर कर्मचारियों की ऐसी मनमानी मरीजों की सेहत पर भारी पड़ रही है। अब देखना यह होगा कि CMO के इस सख्त रुख और कार्रवाई के बाद व्यवस्थाओं में कितना सुधार आता है।
Brainwaves International School: Admissions Open 2026-27 (Playgroup – Grade XI)






















