हापुड, सीमन (ehapurnews.com): हापुड़ में उस समय हड़कंप मच गया जब गाजियाबाद से आई जीएसटी की एसआईबी विभाग की टीम ने एक रोड कंस्ट्रक्शन फर्म के दफ्तर पर छापामार कार्रवाई की। अधिकारियों का कहना है कि 25 करोड़ की फर्जी आईटीसी का क्लेम किया गया है। जब टीम मौके पर पहुंची तो अंधेरा होने के कारण टीम ने मोबाइल की फ़्लैश लाइट से ही कागजातों की जांच शुरू कर दी। इस कार्रवाई से हड़कंप की स्थिति बनी हुई है। जीएसटी विभाग की टीम के साथ पुलिस भी मौजूद है। पुलिस के कड़े पहरे में यह करवाई जा रही है। डिप्टी कमिश्नर जीएसटी बृजेश कुमार दीपांकर के नेतृत्व में यह कार्रवाई हो रही है।
सूत्रों द्वारा मिली जानकारी के अनुसार एसजी इंफ्रास्ट्रक्चर नाम की कंपनी रोड कंस्ट्रक्शन आदि कार्य करती है। कंपनी का हापुड़ की जरोठी रोड पर स्थित ग्रीन पार्क कॉलोनी में एक मकान में दफ्तर भी है। मामला बुधवार की शाम का है जब लग्जरी गाड़ियों में सवार जीएसटी की एसआईबी विंग के अधिकारियों ने पुलिस को साथ लेकर बुधवार की शाम दफ्तर पर छापा मारा। इस छापामार कार्रवाई के दौरान हड़कंप मच गया। जब टीम ने कार्रवाई की तो उस दौरान मकान के भीतर अंधेरा था। ऐसे में अधिकारियों ने कार्रवाई को जारी रखने के लिए मोबाइल की टॉर्च जलाकर अपनी कार्रवाई शुरू की। अधिकारियों का कहना है कि कंपनी ने फर्जी तरीके से 25 करोड़ का आईटीसी क्लेम किया है। मामले की जांच अभी भी जारी है।























