
धौलाना: बैंक से निकले बुजुर्ग को झांसा देकर ठगे 29.500 रुपए, पुलिस जांच में जुटी
हापुड़, सीमन (ehapurnews.com): जनपद हापुड़ के थाना धौलाना क्षेत्र से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। जहां पुलिस चौकी के ठीक पास से बेखौफ टप्पेबाजों ने एक बुजुर्ग को अपना शिकार बना लिया। जालसाजों ने बुजुर्ग को ‘नकली नोट’ का झांसा दिया और उनकी मेहनत की कमाई से 29,500 रुपये ठगकर रफूचक्कर हो गए।
पूरी घटना धौलाना के कपूरपुर थाना क्षेत्र स्थित सपनावत गांव की है। गुरुवार दोपहर को ग्रामीण बलवीर पंडित, उदय प्रताप इंटर कॉलेज के सामने स्थित केनरा बैंक से 30 हजार रुपये निकालकर बाहर निकले थे। तभी बैंक के गेट पर खड़े एक टप्पेबाज ने उनसे कहा कि ‘आजकल बैंक से नकली नोट मिल रहे हैं’।
जैसे ही बलवीर ने अपने नोट गिनने शुरू किए, टप्पेबाज ने 500 रुपये का एक नोट दिखाकर उसे ‘नकली’ बताया और बदलने का झांसा दिया। टप्पेबाज की बातों में आकर बलवीर ने 29,500 रुपये उसे थमा दिए और खुद 500 रुपये का नोट बदलने वापस बैंक के अंदर चले गए। बैंक कैशियर ने जब नोट को असली बताया, तब तक बहुत देर हो चुकी थी। बुजुर्ग जब बाहर आए, तो ठग अपने दो साथियों के साथ बाइक पर बैठकर फरार हो चुका था।
हैरानी की बात यह है कि घटना स्थल के ठीक बगल में पुलिस चौकी स्थित है, लेकिन टप्पेबाजों में पुलिस का कोई खौफ नज़र नहीं आया। स्थानीय ग्रामीणों का कहना है कि पहले बैंक पर सुरक्षा गार्ड तैनात रहता था, लेकिन अब सुरक्षा का कोई इंतजाम नहीं है।
मामले की जानकारी मिलते ही पुलिस जांच में जुट गई है। थाना प्रभारी अशोक कुमार सिंह का कहना है कि इलाके के सीसीटीवी (CCTV) फुटेज खंगाले जा रहे हैं और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
VIKAS GLOBAL SCHOOL || ADMISSION OPEN: NURSERY TO IX & XI : 8710848586, 8710868788





















