
एक महीने से बना हुआ है खौफ! खिलवाई में फिर दिखा तेंदुआ, वन विभाग रेस्क्यू में जुटा
हापुड़, सीमन (ehapurnews.com): जनपद हापुड़ के थाना गढ़मुक्तेश्वर तहसील क्षेत्र के खिलवाई गांव में एक बार फिर तेंदुए की दहशत फैल गई है। खेतों से लौट रहे किसानों के सामने अचानक आए तेंदुए से इलाके में हड़कंप मच गया।
मामला गढ़मुक्तेश्वर के खिलवाई गांव के जंगल का है, जहां बुधवार देर शाम करीब 8 बजे खेतों से घर लौट रहे किसानों का सामना सीधे तेंदुए से हो गया। किसानों के मुताबिक, तेंदुआ अचानक गन्ने के खेत से निकलकर रास्ते पर आ गया। अचानक तेंदुए को सामने देखकर किसान डर गए, लेकिन उन्होंने हिम्मत दिखाते हुए बाइक की लाइट की रोशनी में तेंदुए का वीडियो अपने मोबाइल में कैद कर लिया और सोशल मीडिया पर शेयर कर दिया। वीडियो वायरल होते ही दर्जनों ग्रामीण मौके पर पहुंचे और वन विभाग को इसकी सूचना दी।
ग्रामीणों का कहना है कि इलाके में पिछले एक महीने से तेंदुए की चहलकदमी देखी जा रही है। इससे पहले भी शाहपुर, झड़ीना, दोताई, नयागांव इनायतपुर और मेरठ मार्ग के पास तेंदुआ देखा जा चुका है, जिसका वीडियो भी सामने आया था।
सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम हरकत में आई और इलाके में तेंदुए की तलाश में सर्च ऑपरेशन शुरू कर दिया गया है।
वन क्षेत्राधिकारी करण सिंह ने बताया कि सूचना मिलते ही टीम को मौके पर भेज दिया गया था और लगातार गश्त की जा रही है। उच्चाधिकारियों के निर्देश पर जल्द ही तेंदुए को पकड़ने के लिए इलाके में पिंजरा लगाया जाएगा।
99 MINI MALL से खरीदें अधिकतर सामान मात्र 99/- में: 8191820867





















