
हापुड़, सीमन (ehapurnews.com): हापुड़ में समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व मंत्री शिवपाल सिंह यादव ने बुधवार को धौलाना विधानसभा क्षेत्र के युवा समाजसेवी एवं समाजवादी नेता दिग्विजय शिशोदिया के आवास पर पहुंचकर उनसे मुलाकात की। इस दौरान उनका पार्टी कार्यकर्ताओं और स्थानीय लोगों ने गर्मजोशी के साथ स्वागत किया। मुलाकात के दौरान संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत बनाने, आगामी राजनीतिक रणनीति तथा क्षेत्र के जनहित से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर विस्तार से चर्चा हुई। साथ ही किसानों, युवाओं, मजदूरों और आम जनता से जुड़े विषयों पर भी विचार-विमर्श किया गया। दिग्विजय शिशोदिया ने कहा कि शिवपाल सिंह यादव का मार्गदर्शन और आशीर्वाद उनके लिए प्रेरणा का स्रोत है। उन्होंने कहा कि समाजवादी विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाने और क्षेत्र के विकास तथा जनता के हितों के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य जारी रहेगा। इस अवसर पर उपस्थित कार्यकर्ताओं ने भी वरिष्ठ नेता का स्वागत करते हुए संगठन को और अधिक मजबूत बनाने का संकल्प दोहराया। कार्यक्रम के दौरान पार्टी कार्यकर्ताओं में उत्साह का माहौल देखने को मिला। शिवपाल सिंह यादव के इस दौरे को क्षेत्र की राजनीति के दृष्टिकोण से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। स्थानीय कार्यकर्ताओं का मानना है कि वरिष्ठ नेतृत्व का यह संपर्क अभियान संगठन को और अधिक मजबूती प्रदान करेगा तथा आगामी समय में पार्टी की गतिविधियों को नई गति मिलेगी।
























