
मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफ़े की मांग तथा महँगाई, बेरोजगारी, भ्रष्टाचार और कानून व्यवस्था के संबंध में कार्रवाई के लिए सपाइयों ने दिया ज्ञापन
हापुड, सीमन/अमित कुमार (ehapurnews.com): समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने सोमवार को मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर गढ़मुक्तेश्वर में सोमवार को शांति मार्च निकाला और मांग के समर्थन में एक ज्ञापन एसडीएम गढ़मुक्तेश्वर को दिया।
सपा नेत्री नैना गुर्जर ने कहा कि निर्वाचन प्रक्रिया की पारदर्शिता और जनहित से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर यह ज्ञापन प्रस्तुत कर रहे हैं। मतदाता का वोट लोकतंत्र की बुनियाद है। उसकी निष्पक्ष गणना और सुरक्षा सुनिश्चित करना संबंधित संस्थाओं की जिम्मेदारी है। वोट चोरी एवं चुनावी अनियमितताओं के आरोपों की स्वतंत्र जाँच और स्पष्ट जवाबदेही आवश्यक है।
सपा की प्रमुख माँगें हैं कि वोट चोरी के आरोपों की स्वतंत्र एवं समयबद्ध जाँच,वोट चोरी, मतदाता सूची में अनुचित नाम जोड़ने अथवा हटाने और मतदान व मतगणना संबंधी अनियमितताओं के आरोपों की स्वतंत्र एवं निष्पक्ष जाँच कराई जाए। संबंधित अभिलेख सुरक्षित रखे जाएँ तथा जाँच के निष्कर्ष सार्वजनिक किए जाएँ।
मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार की भूमिका की स्वतंत्र जाँच कराई जाए। यदि जाँच में वोट चोरी अथवा चुनावी अनियमितताओं में उनकी आपराधिक संलिप्तता के प्रमाण मिलते हैं, तो उन्हें तत्काल गिरफ्तार कर विधि के अनुसार कठोर कार्रवाई की जाए।
महँगाई पर नियंत्रण एवं आम जनता को राहत आवश्यक वस्तुओं की जमाखोरी और कालाबाजारी पर प्रभावी कार्रवाई की जाए। पात्र परिवारों तक राशन एवं जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ समय पर पहुँचाया जाए।
युवाओं के लिए रोजगार और पारदर्शी भर्ती रोजगार के अवसर बढ़ाए जाएँ, भर्ती प्रक्रियाएँ पारदर्शी एवं समयबद्ध हों तथा क्षेत्र में रोजगार मेलों, कौशल प्रशिक्षण और स्वरोजगार सहायता शिविरों का आयोजन किया जाए।
कानून व्यवस्था एवं महिलाओं की सुरक्षा,महिलाओं, व्यापारियों, किसानों और आम नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित की जाए। पीड़ितों की शिकायतों पर निष्पक्ष एवं त्वरित कार्रवाई हो।
भ्रष्टाचार एवं प्रशासनिक उत्पीड़न पर कार्रवाई सरकारी कार्यालयों में रिश्वतखोरी, अनावश्यक देरी और उत्पीड़न की शिकायतों की निष्पक्ष जाँच की जाए तथा दोषियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई हो।
जनसमस्याओं का समयबद्ध निस्तारण किया जाए। नियमित जनसुनवाई आयोजित कर शिकायतों की पावती दी जाए तथा शिकायतकर्ता को कार्रवाई की स्थिति एवं निस्तारण की समयसीमा उपलब्ध कराई जाए।
जनता के वोट की रक्षा, युवाओं को रोजगार और नागरिकों को न्याय मिले।इस अवसर पर
नीरज पाल गुर्जर राष्ट्रीय महासचिव समाजवादी पार्टी भी उपस्थित थे।




















