
साहिबाबाद: धमाके में घायल हुए पिलखुवा निवासी अनिल ने तोड़ा दम
हापुड़, सीमन/संजय कश्यप (ehapurnews.com): जनपद हापुड़ के पिलखुवा से एक बेहद दर्दनाक खबर सामने आई है। सालों से रावण के पुतले बनाकर अपने परिवार का पेट पालने वाले एक कारीगर के लिए उनका पुश्तैनी काम ही काल बन गया। साहिबाबाद में रावण के पुतले में पटाखे भरते समय हुए भीषण धमाके में अनिल सिंह निवासी पिलखुवा की मौत हो गई, जबकि उनके दो बेटों समेत चार अन्य लोग घायल हो गए हैं।
पूरी घटना साहिबाबाद के लाजपत नगर की है। हापुड़ जिले के पिलखुवा (रमपुरा) के रहने वाले 50 वर्षीय अनिल अपनी टीम और बेटों के साथ रामलीला के लिए रावण के पुतले तैयार करने साहिबाबाद आए थे। सोमवार सुबह जब पुतले में दहन के लिए पटाखे भरे जा रहे थे, तभी अचानक चिंगारी भड़क गई और एक भयानक धमाका हो गया। धमाका इतना तेज था कि अनिल लोहे के गेट के नीचे दबकर गंभीर रूप से घायल हो गए। अस्पताल में इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। इस हादसे में अनिल के दो बेटे, ऋषभ और रानू, के साथ-साथ उनके साथी कारीगर महेंद्र और राजू भी घायल हो गए हैं।
अनिल का परिवार पीढ़ियों से रावण के पुतले बनाने का काम करता आ रहा है। अनिल ही पूरे परिवार की जिम्मेदारी संभाल रहे थे। उनके पीछे उनकी पत्नी सीमा और पांच बेटे (लक्की, पंकज, लव, ऋषभ और रानू) हैं, जो सभी अभी पढ़ाई कर रहे हैं। अनिल की अचानक हुई मौत से पूरे परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
99 MINI MALL से खरीदें अधिकतर सामान मात्र 99/- में: 8191820867





















