
अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस-2026 की सफलता हेतु समीक्षा बैठक
हापुड़,सूवि(ehapurnews.com):अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस-2026 के अवसर पर 15 जून से 21 जून तक आयोजित किए जाने वाले “योग सप्ताह” के सफल एवं व्यापक आयोजन हेतु बुधवार कलेक्ट्रेट सभागार, हापुड़ में जिलाधिकारी महोदया की अध्यक्षता में एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में आयुष विभाग सहित विभिन्न विभागों के अधिकारियों, शिक्षा विभाग के प्रतिनिधियों तथा संबंधित संस्थाओं के पदाधिकारियों ने सहभागिता की।
बैठक के दौरान अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस-2026 की थीम “स्वस्थ वृद्धावस्था के लिए योग (Yoga for Healthy Ageing)” पर विस्तार से चर्चा की गई। जिलाधिकारी महोदया ने कहा कि योग केवल रोगों की रोकथाम का माध्यम नहीं, बल्कि स्वस्थ, सक्रिय एवं आत्मनिर्भर जीवन का आधार है। उन्होंने निर्देश दिए कि योग सप्ताह के दौरान आयोजित होने वाले सभी कार्यक्रमों में इस वर्ष की थीम का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाए तथा आमजन, विशेषकर वरिष्ठ नागरिकों को योग के नियमित अभ्यास हेतु प्रेरित किया जाए।
जिलाधिकारी महोदया ने जनपद में योग के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से व्यापक प्रचार-प्रसार करने के निर्देश दिए। उन्होंने विशेष रूप से निर्देशित किया कि जनपद के कन्या इंटर कॉलेजों एवं अन्य बालिका शिक्षण संस्थानों में पीसीओडी (PCOD) एवं पीसीओएस (PCOS) जैसी स्वास्थ्य समस्याओं के प्रति जागरूकता बढ़ाने हेतु संबंधित योगासनों एवं जीवनशैली संबंधी सुझावों पर आधारित होर्डिंग एवं सूचना सामग्री स्थापित की जाए, जिससे छात्राओं को योग के स्वास्थ्य लाभों की जानकारी प्राप्त हो सके।
बैठक में वरिष्ठ नागरिकों के स्वास्थ्य संवर्धन पर भी विशेष बल दिया गया। जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि ऐसे योगासनों एवं योगाभ्यासों का प्रचार-प्रसार किया जाए जो शरीर की सही मुद्रा (Posture), शारीरिक संतुलन (Balance), बॉडी एलाइनमेंट (Body Alignment), लचीलापन तथा स्वस्थ वृद्धावस्था को बढ़ावा देने में सहायक हों। इसके लिए पार्कों, सामुदायिक केंद्रों, सार्वजनिक स्थलों तथा अन्य प्रमुख स्थानों पर जागरूकता संबंधी होर्डिंग एवं प्रचार सामग्री लगाने के निर्देश दिए गए।
बैठक में योग सप्ताह के दौरान आयोजित किए जाने वाले सामूहिक योगाभ्यास, योग जागरूकता कार्यक्रम, विद्यालय एवं महाविद्यालय स्तर पर योग सत्र, जन-जागरूकता अभियान, स्वास्थ्य शिविर एवं अन्य गतिविधियों की विस्तृत रूपरेखा पर चर्चा की गई। सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय स्थापित करते हुए कार्यक्रमों को सफल, प्रभावी एवं जनसहभागिता पूर्ण बनाने के निर्देश दिए गए।
आयुष विभाग द्वारा अवगत कराया गया कि योग सप्ताह के दौरान जनपद के विभिन्न स्थलों पर प्रतिदिन योग प्रशिक्षण, जागरूकता कार्यक्रम एवं सामूहिक योगाभ्यास आयोजित किए जाएंगे, जिनके माध्यम से आमजन को योग के शारीरिक, मानसिक एवं सामाजिक लाभों से परिचित कराया जाएगा।
बैठक में उपस्थित सभी अधिकारियों ने अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस-2026 एवं योग सप्ताह के कार्यक्रमों को सफल बनाने हेतु पूर्ण सहयोग का आश्वासन दिया।
हापुड़: पायल डिजाइनर कलेक्शन से होलसेल दामों पर खरीदे लेडीज़ कलेक्शन: 7417105068























