
हापुड़ में बुधवार की तड़के चार बजे हुआ रावण दहन
हापुड़, सीमन/ संजय कश्यप (ehapurnews.com): बुराई पर अच्छाई की जीत का प्रतीक दशहरा पर्व हापुड़ में धूमधाम से मनाया गया। हापुड़ की दिल्ली रोड पर स्थित श्री रामलीला मैदान में वर्षों से चली आ रही परंपरा के क्रम में बुधवार की तड़के 4:00 बजे रावण के पुतले का दहन हुआ जिसे देखने के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे। सिर्फ हापुड़ ही नहीं बल्कि पिलखुवा, बाबूगढ़, सिंभावली, धौलाना आदि क्षेत्रों से भी बड़ी संख्या में लोग यहां पहुंचे जिन्होंने रावण दहन देखा। वहीं सुरक्षा की दृष्टि से पुलिस ने रावण के पुतलों के चारों तरफ बैरिकेडिंग की जिससे लोगों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।
हापुड़ में 65 फीट ऊंचे रावण का दहन किया गया। रावण दहन के लिए बड़ी संख्या में लोग यहां पहुंचे। मंगलवार की रात भर रामलीला का मंचन हुआ। इसके पश्चात बुधवार की तड़के 4:00 बजे रावण दहन हुआ। जैसे ही रावण, कुंभकरण, मेघनाथ के पुतले में आग लगी तो आतिशबाजी होने लगी जिसे लोगों ने अपने कैमरे में कैद कर लिया। हापुड़ की रामलीला बेहद प्रसिद्ध है जिसे देखने के लिए दूर दराज से लोग यहां पहुंचते हैं।
दिल्ली की डॉ शूची तनेजा दुआ अब हापुड़ शहर में: 70177 32103 || फ्री गंज रोड, हापुड़

























