हापुड़, सीमन (ehapurnews.com): भारतीय ज्योतिष कर्मकांड महासभा प्रवक्ता डॉ0 करुण शर्मा ने जानकारी देते हुए बताया कि रंगों के पर्व होली के समापन का पर्व दिन रंगपंचमी 30 मार्च दिन शनिवार को है तथा गर्मी के शुरुआत का संकेत देने वाला धार्मिक पर्व शीतलाष्टमी पूजन (बसौड़ा ) 2 अप्रैल मंगलवार को मनाया जाएगा। रंग पंचमी होली के पांचवे दिन चैत्र कृष्ण पंचमी तिथि को मनाया जाता है। धार्मिक मान्यतानुसार ज़ब भगवान भोलेनाथ के क्रोध से भस्म हुए कामदेव के कारण सभी में प्रेमभाव का अभाव हो गया था। देवताओं के प्रार्थना पर प्रसन्न होकर भगवान शिव ने पुनः बिना शरीर के कामदेव को जीवित कर दिया था। उसके बाद सभी में प्रेम भाव आ गया था। सभी ने मिलकर रंग खेला था। अतः परम्परानुसार सब पुनः रंग खेलेंगे।
भारतीय ज्योतिष कर्मकांड महासभा के अध्यक्ष पंडित के0 सी0 पाण्डेय व आचार्य देवी प्रसाद तिवारी, आचार्य गौरव कौशिक, पंडित जगदंबा शर्मा, पंडित पंकज पाण्डेय,पंडित आदित्य भारद्वाज,अनिशा सोनी पाण्डेय, चित्रा कौशिक,पंडित अजय शर्मा आदि ने विचार विमर्श कर बताया कि लोगों में संशय है कि सही पूजन किस दिन का है। परम्परा में वर्षो से जिस दिन होली (रंग) उसी दिन बसौड़ा के तर्क के आधार पर कुछ लोग भ्रमित हो रहे है। वास्तव में अधिकांश लोगों को मालूम ही नहीं है कि वो माँ शीतला की सप्तमी की पूजा करते है या अष्टमी का अतः महासभा ने जिज्ञासा का समाधान करते हुए धर्मशास्त्र सम्मत निर्णय दिया कि चैत्र कृष्ण पक्ष अष्टमी तिथि 1 अप्रैल की रात्रि 9 बजकर 10 मिनट पर लग रही है जो 2 अप्रैल मंगलवार की रात्रि 8 बजकर 09 मिनट तक रहेगा माँ शीतला पूजन (बसौड़ा ) हमेशा अष्टमी तिथि में सुबह से दोपहर तक में होता है। 2 अप्रैल को अष्टमी सूर्योदय से लेकर पूरे दिन व्याप्त है। पूर्वाषाढ़ा नक्षत्र व परिघ योग में पूजन शुभ रहेगा। पंडित संतोष तिवारी ने कहा कि इस त्यौहार का धार्मिक के साथ वैज्ञानिक पहलु भी है कि इस दिन से गर्मी का मौसम शुरू हो जाता है। अतः बीमारियों से बचने के लिए इस दिन के बाद से बासी खाना नहीं खाना चाहिए। माँ शीतला का पूजन सप्तमी व अष्टमी दोनों ही तिथियों में किया जा सकता है। बसौड़ा पूजन में सप्तमी की रात्रि में भोजन बनाकर अष्टमी तिथि की सुबह माँ शीतला का पूजन करके अर्पण करना चाहिए जो 2 अप्रैल को है।
VIBGYOR INTERNATIONAL SCHOOL: Admissions Open from Pre-Nur to XI: 9027474537
























