
पिलखुवा: लोगों ने सड़क निर्माण का कार्य रुकवाया
हापुड़, सीमन/रियाज़ अहमद (ehapurnews.com): जनपद हापुड़ के पिलखुवा के प्रहलाद नगर के लोगों ने ठेकेदार पर सड़क नीचे बनाने का आरोप लगाते हुए जमकर हंगामा किया। मामले की जानकारी मिलने पर पिलखुवा नगर पालिका के अधिकारी मौके पर पहुंचे और किसी तरह लोगों को समझाया। लोगों ने इस दौरान ठेकेदार द्वारा किए जा रहे सड़क निर्माण पर नाराजगी जाहिर की है।
पिलखुवा नगर पालिका परिषद द्वारा प्रहलाद नगर में 150 मीटर आरसीसी सड़क का निर्माण कराया जा रहा है। आरोप है कि ठेकेदार द्वारा सड़क को काफी नीचे बनाया जा रहा है। ऐसे में बारिश के दौरान जलभराव की समस्या पैदा होगी जिससे गुस्साए लोगों ने मंगलवार को जमकर हंगामा किया और निर्माण कार्य रुकवा दिया। सूचना पर नगर पालिका परिषद पिलखुवा के अधिकारी मौके पर पहुंचे और किसी तरह लोगों को समझाकर मामला शांत कराया।

लोगों का सवाल है कि आखिर सड़क को नीचा क्यों बनाया जा रहा है? आने वाले समय में जल भराव आदि की समस्या से यह सड़क पानी के आगे लंबे समय तक टिक नहीं पाएगी। ऐसे में अधिकारियों को भी मामले में संज्ञान लेना चाहिए। वहीं अधिशासी अधिकारी इंद्रपाल सिंह का कहना है कि सड़क का निर्माण मकान और अन्य मार्ग के हिसाब से कराया जा रहा है। सड़क ऊंची बनाने से मार्गों पर जलभराव होगा। इस दौरान महेश प्रजापति, कृष्णा, महिपाल, मोंटी, नील, उमेश प्रजापति, ललित कुमार आदि ने प्रदर्शन किया।
एक कॉल पर लगवाएं रेडीमेड बाउंड्री : 9027125102, 9105625102 || शानदार क्वालिटी



























