
पिलखुवा: आधा दर्जन से अधिक दबंगों ने युवक के मुंह में नाल घुसाकर पीटा, गोली चलाने की धमकी दी
हापुड़, सीमन/ संजय कश्यप (ehapurnews.com): जनपद हापुड़ के थाना पिलखुवा क्षेत्र में दबंगों ने एक युवक को तमंचे के बल पर जमकर हड़काया। उसके साथ मारपीट की और जान से मारने की धमकी देकर आरोपी फरार हो गए। पुलिस ने मामले में कार्रवाई करते हुए मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
हापुड़ कोतवाली क्षेत्र के अतरपुरा की रहने वाली ममता ने बताया कि उनके पति कमल का देहांत हो चुका है। उनका बेटा कुणाल की हापुड़ के चमरी निवासी नितिन से जान पहचान थी। पीड़िता ने बताया कि दो महीने पहले नितिन ने रात के समय रेलवे रोड पर गुजरने वाली अज्ञात लड़की पर छींटाकशी की। इसके बाद कुणाल ने नितिन को ऐसा न करने की हिदायत दी। इस घटना से नाराज नितिन चिढ़ने लगा और उसने कुणाल को पीटने की योजना बनाई। मामला 20 जून का है जब कुणाल दिल्ली से सरस्वती अस्पताल पिलखुवा ऑटो से आया तो वहां पर मौजूद नितिन, नितिन का बड़ा भाई आशिक, आकाश वैध, दीपांशु त्यागी निवासीगण चमरी हापुड़, दीपांशु राजपूत निवासी पिलखुवा, लड्डू और दीपांशु निवासीगण लज्जापुरी मौके पर पहुंचे और कुणाल की कमर में तमंचा लगाकर बाइक पर बैठा लिया और पिलखुवा की तरफ जंगल में ले गए। जंगल में ले जाकर सभी आरोपियों ने गंदी-गंदी गालियां देकर जान से मारने की नीयत से कुणाल के साथ मारपीट की। दहशत फैलाने के लिए आरोपियों ने तमंचा निकालकर कभी कुणाल के माथे व गर्दन पर लगाया तो कभी मुंह के अंदर नाल देकर गोली चलाने की धमकी दी। आरोपियों ने मारपीट की वीडियो भी अपने कैमरे में कैद कर ली और इस सोशल मीडिया पर वायरल कर दी। आसपास मौजूद लोगों को आता देख आरोपी हत्या की धमकी देकर फरार हो गए। पुलिस ने मामले में कार्रवाई करते हुए सभी सात आरोपियों पर मुकदमा दर्ज कर लिया है।
हापुड़: पायल डिजाइनर कलेक्शन से होलसेल दामों पर खरीदे लेडीज़ कलेक्शन: 7417105068
























