अनैतिक स्थानों पर लगे देवी-देवताओं के चित्रों को हटवाया
हापुड़, सीमन/संजय कश्यप (ehapurnews.com): हापुड़ में कुछ ऐसे स्थान है जहां पर गलत तरीके से देवी-देवताओं की तस्वीरें, पोस्टर व टाइल्स लगे हुए हैं। सबसे बड़ी बात तो यह है कि लोगों ने नाली के पास ही देवी-देवताओं की टाइल्स को चिपका दिया जिससे सनातनियों में नाराजगी है। रविवार को कुछ हिंदू संगठन हापुड़ के आर्य नगर के पास पहुंचे जहां अनैतिक स्थानों पर लगे देवी-देवताओं के चित्रों को हटाने की मांग की। इस दौरान दुकानदारों ने टाइल्स को हटाने से इंकार कर दिया जिसके बाद हिंदू संगठनों ने एकता का परिचय देते हुए तुरंत पुलिस को कॉल किया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और देवी-देवताओं की टाइल्स को सम्मानपूर्वक हटवाया। साथ ही दुकानदारों को चेतावनी दी कि इस तरह की हरकत बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
यह है मामला:
आपको बता दें कि हापुड़ के आर्य नगर की कुछ गलियों में लोगों ने नाली के पास दीवार पर देवी देवताओं की तस्वीर लगाई हुई है। उनका कहना है कि कुछ लोग आकर गंदगी आदि करते हैं। ऐसे में उन्होंने देवी-देवताओं की तस्वीरों को लगा दिया है। मामले की जानकारी जब हिंदू संगठनों को मिली तो वह मौके पर पहुंचे और कहा कि यह देवी देवताओं का अपमान है। देवी देवताओं की तस्वीरें आस्था के मंदिर में लगाई जाती है, लोगों के घरों में होती है लेकिन जिस प्रकार नाली के पास यहां तस्वीर लगाई गई है उससे देवी देवताओं का अपमान हो रहा है। भारतीय ज्योतिष कर्मकांड महासभा के अध्यक्ष के सी पांडे काशी वाले ने बताया कि अनैतिक स्थान पर तस्वीर बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
वहीं भारतीय ज्योतिष कर्मकांड महासभा परामर्श बोर्ड से जुड़े पंडित संतोष तिवारी ने कहा कि यह देवी देवताओं का अपमान है।
इस दौरान हिंदू जागरण मंच, भारतीय ज्योतिष कर्मकांड महासभा के पदाधिकारी व अन्य धर्मप्रेमी भी पहुंचे और नाली में लगी मूर्तियों को हटवाया। इस दौरान जब दुकानदारों ने बात नहीं मानी तो लोगों को पुलिस की मदद लेनी पड़ी। इसके पश्चात चित्रों को वहां से हटाया गया। इस दौरान पंडित मित्र प्रसाद काफिले, भूपेश शर्मा, विनय शर्मा, ब्रह्मानंद शर्मा, पवन तोमर, प्रशांत प्रकाश शर्मा, दिनेश ठाकुर, सचिन कुमार आदि उपस्थित रहे।
Dhanwantari Distributors का Immurich Capsule अब घर पर बैठे मंगवाएं: 9837700010























